जमशेदपुर. साकची, बिष्टुपुर के बाद अब गोलमुरी, कदमा, सोनारी, मरीन ड्राइव, सिदगोड़ा और सीतारामडेरा के चौक-चौराहों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर कुल 35 कैमरा लगाने की योजना है। इस बाबत बुधवार को सिटी एसपी एस. कार्तिक, डीएसपी (सीसीआर) जसिंता केरकेट्टा, डीएसपी (ट्रैफिक) जगदीश प्रसाद ने इन क्षेत्रों में कहां-कहां कैमरा लगाया जाए, इसका जायजा लिया। इस दौरान इन अधिकारियों के साथ संबंधित थाना क्षेत्र के थानाप्रभारी भी मौजूद थे।
जल्द शुरू होगा कैमरा का काम
क्षेत्र का जायजा लेने के बाद सिटी एसपी ने बताया कि शहर में अपराध नियंत्रित करने के लिए जिला पुलिस यह पहल कर रही है। बुधवार को इन क्षेत्रों का भ्रमण कर यह जायजा लिया गया कि कहां-कहां सीसीटीवी कैमरा लगाया जाना जरूरी है। जल्द ही विचार-विमर्श कर सीसीटीवी लगाने का स्थान फाइनल कर दिया जाएगा। वैसे चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी। जल्द ही सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम शुरू होगा। प्रथम चरण में जिला पुलिस की पहल पर साकची में 14 और बिष्टुपुर में 6 जगहों पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जा चुका है। सभी सीसीटीवी कैमरों का सेंटर ऑफिस साकची थाना परिसर में बनाया गया है।