जमशेदपुर। हेडक्वार्टर में पदस्थापित एक डीएसपी और शहर के एक थानेदार के बीच इन दिनों तनातनी चल रही है। जमीन विवाद के एक मामले में दोनों आमने-सामने हैं। वैसे उनके बीच तना-तनी कोई नई नहीं है, यह तो लंबे समय से चल रही है, लेकिन शनिवार को मामला कुछ ज्यादा ही गरम हो गया। डीएसपी ने शनिवार की सुबह थानेदार को फोन कर हड़काया। कहा, मेरी बात नहीं सुनते हो, हम जो बोलते हैं, सुनना पड़ेगा। नहीं सुनोगे, तो तुम्हारी शिकायत वरीय अधिकारियों से कर देंगे, तुम्हें सस्पेंड भी करा देंगे। थानेदार ने भी दो टूक कह दिया, काम कानून के अनुरूप ही करेंगे। किसी के साथ ज्यादती नहीं कर सकते। यदि आप ऐसे ही दबाव डालते रहेंगे, तो मुझे भी थानेदारी नहीं करनी है। हम भी थानेदारी छोड़ देंगे।
भूखंड विवाद पर मचा बावेला
दरअसल ग्वाला बस्ती में एक भूखंड पर मकान बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया है। दोनों पक्ष के लोग थाना पहुंच गये। थानेदार ने जांच होने तक दोनों को मकान का निर्माण कार्य करने से रोक दिया। एक पक्ष की पैरवी डीएसपी तक थी। उसने पैरवी लगाई, डीएसपी ने थानेदार को कहा, मकान बनाने दिया जाए। थानेदार ने कहा, जांच के बाद ही कुछ किया जा सकता है। एक पक्ष को मकान बनाने देंगे, दूसरे को रोकेंगे, तो यह कानून सम्मत नहीं होगा। फिर क्या था, डीएसपी बिगड़ गये। फोन पर ही दोनों में कहासुनी हो गई। डीएसपी ने कहा सस्पेंड करा देंगे, तो थानेदार ने भी कह दिया, छोड़ देंगे थानेदारी।
दोनों अधिकारी नहीं खोल रहे मुंह
डीएसपी और थानेदार के बीच तनातनी और कहासुनी की चर्चा पुलिस महकमे में भी है। पुलिस अधिकारियों और थाना में पदस्थापित पुलिसकर्मियों के बीच इस घटनाक्रम की दबी जुबान से चर्चा तो हो रही है, लेकिन कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं है। उधर डीएसपी और थानेदार भी मुंह बंद रखे हुए हैं। सिटी एसपी भी कहते हैं कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है।
विवाद में जा चुकी है जान
पुलिसकर्मियों के बीच आपसी विवाद में जान तक जा चुकी है। बिरसानगर थाना परिसर में मुंशी और हवलदार के बीच आपसी विवाद में ही हवलदार की मौत हो गई थी। हवलदार के परिजनों ने प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी। हालांकि अभी तक मामले की जांच चल ही रही है।
पूर्व में भी भिड़ते रहे हैं पुलिस पदाधिकारी
शहर में पुलिस पदाधिकारियों के आपसी रिश्तों में खटास और अनबन की यह कोई पहली घटना नहीं है। पूर्व में थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों के बीच मारपीट तक हो चुकी है। बागबेड़ा थाना परिसर में तात्कालीन थाना प्रभारी राजेंद्र दुबे और एक एएसआई के बीच मारपीट तक हो गई थी। थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। सीतारामडेरा थाना परिसर में भी एसआई और एएसआई के बीच मारपीट की घटना घट चुकी है।