पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Core Banking Services From Post Office Will Begin Bistupur

बिष्टुपुर डाकघर से शुरू होगी कोर बैंकिंग सेवा, खाताधारकों को मिलेगा लाभ

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. डाक विभाग में झारखंड स्तर पर कोर बैंकिंग की शुरुआत जमशेदपुर से होगी। बिष्टुपुर और चाईबासा के प्रधान डाकघर में 29 दिसंबर को कोर बैंकिंग सेवा का विधिवत उद्घाटन होगा। इसके तहत डाक विभाग की सारी योजनाओं के खाताधारक कोर बैंकिंग से जुड़ जाएंगे। एक माह बाद आवेदन करने पर खाताधारकों को एटीएम कार्ड मिलेगा। यह जानकारी मंगलवार को झारखंड के पोस्टमास्टर जेनरल अनिल कुमार ने दी। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि बिष्टुपुर स्थित प्रधान डाकघर से 1.83 लाख खाताधारक जुड़े हैं। सारे खाताधारक कोर बैंकिंग के तहत निश्चित समय पर राशि निकासी कर सकेंगे। एक से दूसरी जगह पर राशि भी भेजी जा सकेगी।
पहले चरण में 31 डाकघरों में सेवा
अनिल कुमार ने कहा कि प्रथम चरण में झारखंड में 31 डाकघरों में कोर बैंकिंग सेवा शुरू होगी। 16 मार्च तक प्रदेश के सभी 3164 डाकघर इसके दायरे में आ जाएंगे। गांवों में 700 शाखा डाकघर को बैंकिंग सेवा के निमित्त कंप्यूटराइज किया जा चुका है। गांव के शाखा डाकघर में कोर बैंकिंग के लिए कम्प्यूटर का उपयोग नहीं होगा। इंफ्रारेड मोबाइल, प्रिंटर और बायोमैट्रिक सिस्टम पर आधारित स्कैनर से शाखा डाकघर में कोर बैंकिंग सेवा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसी व्यवस्था के तहत मनरेगा के तहत मजदूरी का भुगतान होगा।
खाताधारकों को मिलेगा लाभ
बचत बैंक, आवर्ती जमा (आरडी), मासिक आय योजना (एमआईएस), सावधि जमा (टीडी), ग्रामीण डाक जीवन बीमा एवं डाक जीवन बीमा, देश और विदेश में मनी ट्रांसफर, कैश ऑन डिलिवरी (सीओडी), ई-पेमेंट, लोक भविष्य निधि (पीपीएफ), नेशनल सेविंग स्कीम (एनएसएस), वरिष्ठ नागरिक योजना (सीनियर सिटीजन)
देश-विदेश के लिए पार्सल सेवा
पोस्टमास्टर जेनरल ने बताया कि डाक विभाग ने देश और विदेश के लिए पार्सल सेवा शुरू की है। विदेश के लिए वल्र्ड नेट सर्विसेज शुरू की गई है। इसके लिए जर्मन पोस्ट ड्यूसे के साथ करार किया गया है। इसके तहत अमेरिका में चार, यूरोपीय संघ और खाड़ी देशों में पोस्ट करने के तीन दिन बाद पार्सल पहुंच जाएगा। अगर निर्धारित समय पर पार्सल की डिलीवरी नहीं होगी, तो राशि वापस कर दी जाएगी। यूरोपीय देशों के आधा किलो पार्सल के लिए 1011 रुपए लगेंगे। इसी वजन का पार्सल अमेरिका भेजने के लिए 930 और खाड़ी देश भेजने के लिए 780 रुपए देने होंगे। इसके बाद हर आधा किलो के लिए 250 रुपए अतिरिक्त भुगतान करना होगा।
भारत में दो तरह की पार्सल सेवा
अनिल कुमार ने बताया कि देश के भीतर दो तरह की पार्सल सेवा शुरू की गई है, एक्सप्रेस पार्सल एवं बिजनेस पार्सल। एक्सप्रेस पार्सल के तहत विमान सेवा से चार दिन के भीतर पार्सल पहुंचा दिया जाएगा। इसके तहत आधा किलो के पार्सल पर 30 रुपए लगेंगे। उसके बाद प्रति आधा किलो पर दस रुपए शुल्क लिया जाएगा। इसके तहत अधिकतम 20 किलो का सामान भेजा जा सकेगा। बिजनेस पार्सल के तहत 5 से 7 दिन में पार्सल निर्धारित जगह पर पहुंच जाएगा। इसके तहत 2 किलो के सामान के लिए 45 रुपए लगेंगे। उससे ऊपर हर आधा किलो के लिए दस रुपए शुल्क देय होगा। इस सेवा के तहत अधिकतम 35 किलो का पार्सल भेजा जा सकता है।
600 युवाओं को दिया रोजगार
बकौल कुमार, डाक विभाग में पिछले तीन महीने से बीमा क्षेत्र के लिए सीधे एजेंट नियुक्त किए जा रहे हैं। इसके तहत पहले साल की बीमा राशि पर दस और उसके बाद हर साल ढाई फीसदी कमीशन मिलेगा। अब तक 600 युवा एजेंट बन चुके हैं।