जमशेदपुर. अब नि:शक्त यात्रियों और पूर्व सैनिकों को रिजर्व टिकट पर कंसेशन (छूट) के लिए रिजर्वेशन ऑफिस की कतार में नहीं लगना पड़ेगा। ऐसे यात्रियों को अब रेलवे ई-टिकट पर भी कंसेशन देगा। फिलहाल पहले चरण में स्लीपर श्रेणी का रिजर्व टिकट बनवाने पर ही यह सुविधा मिल सकेगी। योजना 25 फरवरी से शुरू होने जा रही है। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि अप्रैल के महीने से अन्य कंसेशनल श्रेणियों के यात्रियों के लिए भी यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
ऐसे मिलेगी सुविधा
ई-टिकट पर कंसेशन की सुविधा लेने के लिए नि:शक्त और पूर्व सैनिक श्रेणी के यात्रियों को अपने निवास स्थान के नजदीक के डीआरएम ऑफिस से फोटो पहचान पत्र बनवाना होगा। यात्रा के दौरान यह पहचान पत्र ट्रेन में टीटीई या चेकिंग स्टाफ द्वारा मांगे जाने पर दिखाना होगा।
अपडेट हो रहा सॉफ्टवेयर
यात्रियों को ई-टिकट पर कंसेशन के लिए सॉफ्टवेयर में परिवर्तन करने का काम शुरू कर दिया गया है। 20 फरवरी तक सॉफ्टवेयर में परिवर्तन होते ही इस सुविधा का ट्रायल शुरू हो जाएगा। पांच-छह दिन ट्रायल के बाद 25 फरवरी से सुविधा की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी।
ऑनलाइन पता कर सकेंगे पार्सल का लोकेशन
आपका पार्सल बुक करने के बाद कहां तक पहुंचा है, अब इसकी जानकारी ऑनलाइन मिलेगी। रेलवे ने ऑनलाइन पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएमएस) शुरू कर दिया है। रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक पार्सल बुक करते वक्त जो रसीद दी जाएगी, उस पर एक कोड दिया जाएगा। इस कोड को रेलवे की वेबसाइट पर दिए जाने वाले पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम लिंक पर डालना होगा। कोड डालने पर पार्सल की लोकेशन सामने आ जाएगी।
रेलवे की ओर से सेवा शुरू की जा रही है। आदेश आते ही यहां भी यात्रियों के लिए सुविधा बहाल कर दी जाएगी। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। अशोक अग्रवाल, डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर, चक्रधरपुर मंडल