जमशेदपुर. बिरसानगर जोन नंबर-5 अवस्थित नीलडीह साउथ प्राथमिक विद्यालय के निर्माणाधीन भवन के दूसरे तल्ले का छज्जा शुक्रवार को गिर गया। हालांकि, घटना के समय स्कूल में बच्चे नहीं थे। लेकिन, इस घटना ने विद्यालय भवन के निर्माण कार्य पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसई इंद्रभूषण सिंह ने जांच के लिए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ)
पीके सिन्हा को विद्यालय भेजा। बीईईओ ने करीब एक घंटा तक निर्माण कार्य का मुआयना किया। उन्होंने भवन निर्माण कार्य में लापरवाही की बात मानी। बीईईओ ने बताया कि भवन के पहले तल की ढलाई को 21 दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि दूसरे तल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। इस वजह से यह हादसा हुआ।
नवचेतन मंच ने किया हंगामा
निर्माणाधीन भवन के गिरने की जानकारी जैसे ही भोजपुरी नवचेतना मंच के प्रांतीय अध्यक्ष अप्पू तिवारी को मिली, वे मंच के महानगर अध्यक्ष अंकित आनंद, रवि सिंह, रणजीत पांडेय, भाजयुमो अध्यक्ष कृष्णा बारी व अन्य साथियों के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य रुकवा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
200 से अधिक बच्चे हैं विद्यालय में
नीलडीह साउथ प्राथमिक विद्यालय में 200 से अधिक विद्यार्थी पढ़ते हैं। इसमें कई बच्चों की कक्षाएं निर्माणाधीन भवन में भी चलती हैं। लेकिन, शुक्रवार को छज्जा गिरने के समय वहां कोई नहीं था।
घटना यह बताती है कि भवन निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। इसके लिए जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बीईईओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल की हेडमास्टर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इंद्रभूषण सिंह, डीएसई