जमशेदपुर. एटीएम से कैश चोरी की घटना तो आपने सुनी होगी। लेकिन, पिछले कुछ दिनों से शहर में फेविकोल गैंग एटीएम को डेड करने का काम कर रहा है। इसका असर यह हुआ है कि रात 10 बजे के बाद कुछ बैंक के एटीएम को प्रबंधन द्वारा बंद रखा जा रहा है, जबकि पहले ये एटीएम 24 घंटे खुले रहते थे।
पीएनबी-सीबीआई की एटीएम बनी निशाना
फेविकोल गैंग द्वारा तीन माह से साकची स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एटीएम को निशाना बनाया जा रहा है। गैंग के सदस्यों द्वारा रात में एटीएम के की-बोर्ड में फेविकोल या फेवी क्विक डाल दिया जाता है, जिसके कारण एटीएम डेड हो जाती है। दूसरे दिन सुबह बैंक खुलने पर प्रबंधन द्वारा एटीएम के की-बोर्ड की मरम्मत कराई जाती है। बार-बार ऐसी समस्या होने पर बैंक प्रबंधन ने एटीएम को रात में बंद रखने का निर्णय लिया है। बिष्टुपुर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया (सीबीआई) की एटीएम भी करीब एक माह से बंद है। बैंक प्रबंधन ने कई बार इसकी मरम्मत का प्रयास किया, लेकिन खराबी ठीक नहीं हुई। अब प्रबंधन ने इस एटीएम को बदलने का फैसला लिया है।
एक की-बोर्ड 70 हजार का
एटीएम के की-बोर्ड की कीमत लगभग 70 हजार रुपए है। पीएनबी की साकची शाखा के मैनेजर बी.कनहार ने बताया कि बदमाशों द्वारा बार-बार फेविकोल या फेवी क्विक डाल देने से की-बोर्ड बिल्कुल खराब हो गया था। इसे एक बार बदला भी गया।
बैंक को हो रहा आर्थिक नुकसान
पीएनबी की एटीएम खराब होने के कारण ग्राहक दूसरे बैंक की एटीएम का रुख कर रहे हैं, जिससे प्रबंधन को प्रत्येक ट्रांजेक्शन पर 20 रुपए की हानि हो रही है। नियमानुसार, ग्राहक जितनी बार दूसरे बैंक की एटीएम से ट्रांजेक्शन करेगा, उतनी बार होम बैंक को 20 रुपए संबंधित बैंक को देना पड़ता है।
आगे की स्लाइड में पढ़िए बैंकों की यह भी मजबूरी।