(डीडीयूएम स्कूल की ऊपरी मंजिल पर लगी आग।)
जमशेदपुर. खासमहल स्थित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल (डीडीयूएम) हाई स्कूल के ऊपर तल्ले में सोमवार सुबह लगभग 9 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में अवस्थित केनरा बैंक के ग्राहकों को बाहर निकलना पड़ा। स्थानीय लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
झारखंड सरकार की दो और एक टाटा मोटर्स की एक दमकल टीम ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि आग लगने से स्कूल के सामान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। साथ ही किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्कूल कमेटी ने लगाया बिल्डिंग मालिक पर आरोप
स्कूल के कानूनी सलाहकार अखिलेश सिंह ने बिल्डिंग के मालिक नागेंद्र विग पर आग लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि चार माह पूर्व भी इस स्कूल में आग लगी थी, जिससे स्कूल में रखे सारे बेंच व कुर्सियां जलकर खाक हो गई थीं। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन की ओर से अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था।
डीडीयूएम स्कूल के ऊपर तल्ले में आग लगी थी। स्कूल प्रबंधन की शिकायत है कि किसी के द्वारा आग लगाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
-राजू शर्मा, परसुडीह थाना प्रभारी
आगे की स्लाइड्स में देखें स्कूल में आग की तस्वीरें