जमशेदपुर. शहर में शुक्रवार की रात अलग-अलग स्थानों पर पांच लोगों ने खुदकुशी की। पुलिस ने सबके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पांचों ही मामलों में खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सोनारी : पेड़ से लटका मिला सब्जी विक्रेता का शव
सोनारी के तिलो भट्ठा में शुक्रवार की रात राकेश कुशवाहा (45 वर्ष) ने पड़ोस में रहने वाले राधेश्याम शर्मा के घर के सामने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। शनिवार की सुबह परिजनों और स्थानीय लोगो ने राकेश का शव पेड़ से झूलता पाया। मृतक सब्जी बेचता था। जानकारी मिलने पर सोनारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मृतक नशा करता था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीतारामडेरा : नवविवाहिता ने की खुदकुशी
सीतारामडेरा थाना अंतर्गत उरांव बस्ती में शुक्रवार देर शाम रोशन मुंडा की पत्नी मम्पी मुंडा (18 वर्ष) ने दुपट्टा के सहारे फंदे से लटक कर जान दे दी। घटना के समय रोशन मुंडा काम पर गया था। घर में उसकी मां थी। पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को ही मम्पी ने रोशन से लव मैरेज किया था। दोनों साकची में एक कार्ड दुकान में साथ काम करते थे। ।
सिदगोड़ा : वृद्ध ने की आत्महत्या
सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बाबूडीह में रामाशंकर चौधरी (70 वर्ष) ने घर के नजदीक बुद्धेश्वर मंदिर परिसर में नारियल के पेड़ में फंदे लगाकर जान दे दी। शनिवार की सुबह लोगों ने उन्हें फंदे से लटका पाया। स्थानीय लोगों द्वारा शव को फंदे से उतारने के क्रम में भूलवश गर्दन में चाकू लग गया। जानकारी मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक झाडू बेचता था।
उलीडीह : रिक्शा चालक ने दे दी जान
उलीडीह थाना अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर 5 में रिक्शा चालक सपन मंडल (50 वर्ष) ने शुक्रवार की रात फंदे से लटक कर जान दे दी। पुलिस के अनुसार, मृतक काफी नशा करता था। मामले की जांच की जा रही है।
कदमा : नदी से बरामद हुआ युवती का शव : कदमा थाना की पुलिस ने शनिवार को शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-1 में खरकई नदी से लगभग 25 वर्षीय युवती का शव बरामद किया। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने आशंका जताई कि शुक्रवार की रात युवती ने नदी में छलांग लगाई थी।