जमशेदपुर. केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सी-टेट) शहर के चार परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दो पालियों में हुई। पहली पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक, वहीं, दूसरी पाली दो बजे से शाम 4.30 बजे तक चली। इसमें करीब तीन हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। पहली पाली में पेपर टू और दूसरी पाली में पेपर वन की परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक हुई।
मालूम हो कि पहला पेपर पास करने वालों को पहली से पांचवीं और दूसरा पेपर पास करने वालों को छठी से आठवीं तक के बच्चों को पढ़ाने का प्रमाणपत्र मिलता है। इसके अलावा जो पहली से आठवीं कक्षा तक के शिक्षक बनना चाहते हैं, उनके लिए दोनों पेपर पास करना जरूरी है। सी टेट में पास उम्मीदवार को सीबीएसई की ओर से स्कोर कार्ड के साथ सी टेट का प्रमाणपत्र जारी किया जाता है। इसकी मान्यता परीक्षा परिणाम की तारीख से सात साल तक होती है।
गणित ने उलझाया
सी-टेट के दोनों पेपरों को लेकर परीक्षार्थियों की मिली जुली प्रतिक्रिया रही। पहले पेपर में जहां गणित से जुड़े प्रश्नों ने, तो दूसरे पेपर में भाषा से जुड़े प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को उलझाया। वैसे उनकी मानें, तो इसके बाद भी परीक्षा अच्छी गई और परिणाम भी अच्छा आएगा।
शहर के इन केंद्रों पर हुई परीक्षा : शिक्षा निकेतन, जमशेदपुर पब्लिक स्कूल, डीएवी बिष्टुपुर, विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को।
एक नजर
नाम : केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा
कुल केंद्र : चार
कुल परीक्षार्थी : 3000
पाली : दो, पहली पाली : सुबह 9.30 बजे से 12 बजे तक, दूसरी पाली : दोपहर दो से शाम 4.30 बजे तक।
>>प्रश्नों की संख्या : पेपर वन में 150 व पेपर टू में 150
किसी भी परीक्षा में कुछ प्रश्न उलझाने वाले होते हैं। इसमें भी ऐसा ही था। वैसे पेपर अच्छा गया है। अब रिजल्ट का इंतजार है। उम्मीद है परीक्षा परिणाम भी बेहतर होगा। गुरुचरण सरदार, परीक्षार्थी
परीक्षा शुरू होने से पहले पेपर को लेकर डर लग रहा था। लेकिन, भाषा के प्रश्नों को छोड़ दें, तो पेपर आसान था। मैंने सारे प्रश्नों को टच किया। इसे लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। अब रिजल्ट का इंतजार है। अमृता वर्मा, परीक्षार्थी