जमशेदपुर. बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती में रविवार रात करीब 10.30 बजे विक्रम सोनकर उर्फ विक्की पर घर के पास ही पड़ोस में रहनेवाले युवक ने अंधाधुुंध फायरिंग कर दी। उसके पेट में दो गोली और एक पैर में लगी है। गोली मारने के बाद हवाई फायरिंग करते हुए हमलावर बाइक से भाग निकला। गंभीरावस्था में विक्रम को टीएमएच में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर है। गोलीबारी की सूचना पाकर बिष्टुपुर थाना पुलिस समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की। सिटी एसपी कार्तिक एस, डीएसपी सीसीआर जसिंता केरकेट्टा समेत कई थानेदारों ने टीएमएच पहुंच कर परिजनों से घटना की जानकारी ली।
इकलौता पुत्र है विक्की
विक्की अशोक सोनकर का इकलौता पुत्र है। उसके पिता बिष्टुपुर बाजार में फल का कारोबार करते हैं। विक्की फिलहाल कागलनगर सोनारी में कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता है और सूद का कारोबार भी करता है।
छपेेमारी की जा रही है
विक्की ने ज्योति पर गोली मारने का आरोप लगाया है। हमला करने के बाद ज्योति बाइक से भाग निकला है। उसकी तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर छपेेमारी की जा रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। '' कार्तिक एस, सिटी एसपी
क्या है मामला
विक्की के दोस्तों के अनुसार, रात में वे सभी गुरुद्वारा बस्ती रोड नंबर चार के मोड़ पर खड़े थे। तभी गीतांजलि बार के मालिक कल्लू सोनकर का बेटा ज्योति सोनकर रानीकुदर निवासी बांके के साथ पहुंचा। उसने विक्की को बात करने के बहाने मंदिर की ओर ले गया। अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर सभी दोस्त मंदिर की ओर दौड़े। वहां ज्योति सोनकर विक्की से उलझा हुआ था। उनके पास पहुंचने से पहले ही ज्योति ने विक्की की पेट में एक और गोली मारी, जिससे वह गिर पड़ा। दोस्तों के अनुसार, वे ज्योति को पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तो ज्योति हवाई फायरिंग करते हुए बांके के साथ लाल रंग की बाइक पर सवार होकर रानीकुदर की ओर भाग निकला। पुलिस के अनुसार, मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ है। विक्की के पिता अशोक सोनकर और गीतांजलि बार के मालिक कल्लू सोनकर के बीच संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। 15 दिनों पूर्व ही लोक अदालत में दोनों ने समझौता किया था।