पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हटिया-हावड़ा एक्सप्रेस में लूट की योजना किया विफल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. हटिया- हावड़ा एक्सप्रेस (18616) की जनरल बोगियों में लूटपाट की योजना को आरपीएफ पोस्ट थानेदार सह निरीक्षक दरगंज शर्मा ने विफल कर दिया है। आरपीएफ ने नशाखुरानी गिरोह के दो सदस्यों को टाटानगर स्टेशन प्लेटफार्म नंबर चार से शुक्रवार की देर रात धर दबोचा। उनके पास से भारी मात्रा में नींद की गोली, दो कंटेनर चाय, जहरीला तंबाकू (खैनी) चाकू बरामद किया गया है।
सुनियोजित थी प्लानिंग
शनिवार को हावड़ा के मियाबजाज क्षेत्र में हाट बाजार लगता है। वहां व्यापारी बाजार करने जाते हैं। शनिवार को टाटानगर आरपीएफ पोस्ट के थानेदार दरगंज शर्मा ने बताया कि ट्रेन में जाने वाले उन्हीं व्यापारियों को नशा खिलाकर लूटने की अपराधियों ने योजना बनाई थी। यह योजना पूरी तरह से सुनियोजित थी।
हॉकर बनकर बैठा था गिरोह
आरपीएफ थानेदार ने बताया कि शुक्रवार की रात उन्हें गुप्त सूचना मिली कि हटिया- हावड़ा एक्सप्रेस में नशाखुरानी गिरोह के सदस्य जनरल कंपार्टमेंट में सवार व्यापारियों को निशाना बनाने वाले हैं। इसके के बाद आरपीएफ एएसआई आरके रजक, हवलदार डीएन राय के साथ वे स्टेशन पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर चार और पांच पर छानबीन के दौरान उन्होंने देखा कि एफओबी के पास दो हॉकर चाय का कंटेनर लेकर बैठे हैं। स्टेशन में हॉकिंग बंद होने पर उन्होंने उनसे पूछताछ की, तो वे सही जवाब नहीं दे सके। तलाशी लेने पर उनकी जेब से नींद की गोलियां व चाकू मिले।
चाय कंटेनर में मिला दी थी नशीली दवा
बकौल शर्मा पोस्ट लाकर सख्ती से पूछताछ करने पर अपराधी टूट गए। उन्होंने स्वीकार किया कि एक चाय के कंटेनर में 22 पैकेट नींद की गोलियां मिलाई गईं हैं। वे रांची से रात को पैसेंजर ट्रेन से टाटानगर पहुंचे थे। यहां उन्होंने स्टेशन चौक में चाय दोबारा गर्म करवाई। गिरफ्तार लोगों के साथ दो अन्य साथी भी थे, जो साथियों की गिरफ्तारी के बाद रफू चक्कर हो गए। यह गिरोह रांची-टाटा-हावड़ा और पुरुलिया-आसनसोल रूट पर सक्रिय था।
14 दिन और तीसरी उपलब्धि
आरपीएफ टाटा पोस्ट के निरीक्षक दरगंज शर्मा के नेतृत्व में 14 दिनों में यह तीसरी बड़ी उपलब्धि है। इससे पूर्व 12 सितंबर को भी टायो निवासी की स्टील एक्सप्रेस से चोरी हुई सोने से भरी अटैची चुराने वाले गिरोह को पकड़ था। उन्होंने 18 सितंबर को अहमदाबाद हावड़ा एक्सप्रेस की पार्सल बोगी में सेंधमारी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भी उन्होंने भंडाफोड़ किया था।
ये हुआ बरामद
चाय भरी दो स्टील कंटेनर, एक कंटेनर में नशीली दवा चाय में मिली हुई थी, चाकू, लोना जेप- 5 एमवी नींद की दवा के टैबलेट, नशीली खैनी आदि।
ये हुए गिरफ्तार
मो. इम्तियाज खान उर्फ बापी (निवासी- गांव बांकरा, थाना डोमपुर, जिला हावड़ा)
मो. छोटू उर्फ मो. मोसिम (निवासी- कोकर बस्ती रांची, नीयर डोमलुजी स्कूल, थाना सदर, रांची)
जीआरपी को किया सुपुर्द, मामला दर्ज

नशाखुरानी गिरोह के दोनों सदस्यों को शनिवार को जीआरपी टाटानगर को सुपुर्द कर दिया गया है। जहां जीआरपी सर्किल इंस्पेक्टर अरविंद सिंह और थाना प्रभारी अशोक राम ने गिरोह के बारे में पूछताछ की। उधर, आरपीएफ थानेदार दरगंज शर्मा के बयान पर धारा 328, 379 व 511 के तहत मामला दर्ज किया गया है।