जमशेदपुर/सिमडेगा. शनिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से सोय नाला का पुल बह गया। 20 साल पुराने 50 मीटर लंबे इस पुल का एक चौथाई हिस्सा बह चुका है और कटाव जारी है। करीब 1.10 लाख लोग इससे प्रभावित हुए हैं। पुल बहने से जहां बानो प्रखंड के 30 गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क कट गया है, वहीं जिला मुख्यालय से 93 गांवों का संपर्क टूट गया है। गौरतलब है कि दो माह पूर्व देव नदी का डायवर्सन बह गया था। इसके बाद से लोग 25 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर सोय नाला पुल से ही बानो तक आते-जाते थे। अब यह पुल बहने से आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों मेंं हुई मुसीबतों की बारिश
शनिवार रात 12 बजे से रविवार दोपहर 12 बजे तक लगातार 12 घंटे तक हुई भारी बारिश ने कोयलांचल का सूरत का बिगाड़ दिया है। भूतनगर बस्ती में करीब दर्जनभर घरों में बारिश का पानी भर गया है। उधर, सीसीएल की खुली कोयला खदानों में काम ठप हो गया है। क्षेत्र की तीनों प्रमुख नदियां दामोदर, सपही व सोनाडुबी पूरे उफान पर है। डकरा में सीसीएल कर्मी सुभाष नायक के क्वार्टर की छत गिरने से उसका पूरा परिवार बाल-बाल बचा। जानकारी अनुसार, भूतनगर बस्ती के पीछे से गुजरी सोनाडुबी नदी का पानी बस्ती के पांगे मुंडा, महेंद्र उरांव, श्याम उरांव, बबलू, अलीजान, नौशाद खान, मोइन खान, युसड़ी देवी, नजीम खान व बुट्टू खान के घरों में घुस गया। कई लोगों के कच्चे मकान को काफी क्षति हुई है। वहीं, खदानों में पानी भरने से रविवार को प्रथम पाली में काम नहीं हुआ। एहतियात के तौर पर सभी बड़ी मशीनों व वाहनों की मूवमेंट बंद कर दी गई है। रविवार दोपहर दो बजे के बाद बारिश थमने पर स्थिति सामान्य होने लगी थी।
प्रभानगर शिव मंदिर के समीप कांची नहर टूटा
शनिवार की रात तमाड़ में हुई भारी बारिश से प्रभानगर शिव मंदिर के समीप कांची नहर टूट गया।। इससेे नहर का समूचा पानी राष्ट्रीय राजमार्ग-33 के ऊपर बहते हुए गागर सोतिया नाला पर बना पुलिया पर गिरने लगा है। इसकी तेज बहाव का असर पुलिया पर तो पड़ने लगा है। राजमार्ग भी क्षतिग्रस्त होने लगा है। सड़क पर दो- तीन बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। बताया जाता है कि इसी गति से बहाव जारी रहा तो बड़ी दुर्घटना होने के साथ-साथ भारी वाहनों का परिचालन रांची-जमशेदपुर पथ पर ठप हो सकता है । इधर नहर के टूटने से दर्जनों गांव के सैकड़ों हैक्टर खेतों पर सिंचाई कार्य प्रभावित हो सकता है । इसे कृषकों के चेहरे पर मायूसी देखी जा रही है । वहीं भाजपा नेता लक्ष्मण मुंडा . बिमल पातर .मो रिजवान .दिलीप सेठ और आजसू नेता विजय मानकी ने टूटे नहर की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है ।
छह घंटे की तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त
बुंडू व आसपास का क्षेत्र लगातार हो रही बारिश से अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के कारण छोटी-छोटी नदियां उफान पर हैं। बारिश के कारण बुंडू राहे मार्ग स्थित रेलाडीह के पास रायसा नदी पुल के ऊपर 4 फीट व बुंडू सोनाहातू मार्ग पर ओडिया पुल के ऊपर 5 फीट पानी बहने से दोपहर 2 बजे तक आवागमन ठप रहा। इधर कई गांवों में बारिश का पानी घरों में पानी घुस गया है। इधर, बुंडू बारुहातू मार्ग पर रमेश सिंह मुंडा उच्च विद्यालय के पास मार्ग पर 4 फीट पानी बह रहा था। कठहर टोली के पुनि मुंडा, रामरतन मुंडा, राम अहीर आदि कई ग्रामीणों ने बताया कि इन सभी का घर बुंडू बड़ा तालाब से निकले पानी से पूरी तरह घिर गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
ट्रांसफार्मर नदी में समाया
खलारी बाजारटांड़ में सोनाडुबी नदी पर बना छलका पुल के ऊपर लगभग दो फीट ऊपर से पानी बह रहा था। रविवार रात लगभग नौ बजे नदी में पानी बढ़ने से मिट्टी कटाव के कारण पुल के समीप लगे 100 केवीए का ट्रांसफार्मर पोल सहित गिरकर नदी में समा गया। वहीं, अदानी कंपनी द्वारा कोयला ट्रांसपोर्टिंग के लिए बनाया गया डायवर्सन भी बह गया। खलारी क्षेत्र की सभी सड़कों का बुरा हाल हो गया है। एनके एरिया की रोहिणी, पुरनाडीह व केडीएच खदानों में पानी भर जाने से कोयला उत्पादन व डिस्पैच ठप हो गया है। मैक्लुस्कीगंज के विकास नगर में पंकू लोहरा व मंटू लोहरा का कच्चा मकान गिर गया है।
राहे-सीसीटांड़ सड़क पर बहता पानी
क्षेत्र में हुई बारिश से जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सभी नदी-नाले उफान पर हैं। अत्यधिक वारिश से राहे धोबी मुहल्ले के कई घरों में पानी घुस गया है। झारिया बांध से पानी निकलने से राहे- सीसीटांड़ सड़क पर कमर तक पानी बहता रहा। कोकरो नदी पर बाढ़ आने से राहे-सताकी जाने वाले पुल के ऊपर पानी बहा। वहीं अडिया सतिया में बाढ़ आने से सोनाहातू-बुंडू जाने वाला पुल के ऊपर पानी बह रहा था। इस कारण घंटों सोनाहातू- बुंडू सड़क बंद रहा। इधर, राहे का सिंगू पहाड़ में दरार पड़ गया है
सिल्ली में राढ़ू नदी उफनाई
सिल्ली प्रखंड से महज 13 किमी की दूरी पर पतराहातू स्थित राढ़ू नदी का जल स्तर बढ़ गया है। दिनभर नदी के पुल पर आसपास के गांवों के ग्रामीणों व राहगीरों का जमावड़ा लगा रहा। एहतियात के तौर पर पुलिस भी पेट्रोलिंग करती रही। इधर, तेज बारिश के कारण प्रखंड के दोवाड़ू पंचायत के तुनकू गांव निवासी रमेश महतो, सोनू देवी, रेवती देवी व सत्यनारायण गोस्वामी के घर को नुकसान पहुंचा है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए तस्वीरें।