पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Hindi Teachers In The District's 69 Percent Vacancy

जिले में हिंदी शिक्षकों के 69 प्रतिशत पद रिक्त, हिंदी व अंग्रेजी के टीचरों का अनुपात 4:5

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. देशभर में 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाएगा। इस दिन लोग हिंदी के विकास का संकल्प लेते हैं। सरकार भी इसके लिए बड़े-बड़े वादे करती है। लेकिन, जिले के सरकारी स्कूलों में हिंदी की स्थिति काफी दयनीय है। आलम यह है कि अंग्रेजी के प्रभाव के आगे हिंदी दबती जा रही है।
यहां भी हिंदी से आगे अंग्रेजी
जिले के उच्च विद्यालयों व प्लस टू विद्यालयों में शिक्षकों का अनुपात देखें, तो यहां हिंदी से आगे अंग्रेजी है। जिले के 58 उवि में हिंदी के 22 शिक्षक हैं, जबकि अंग्रेजी के 34 शिक्षक कार्यरत हैं। जिले के प्लस-2 स्कूलों में हिंदी व अंग्रेजी के शिक्षकों का अनुपात 4:5 है।
विद्यालयों में एक तिहाई ही शिक्षक
निजी स्कूलों में हिंदी के प्रति उदासीनता तो सबके सामने है। लेकिन, सरकारी स्कूल भी कम नहीं हैं। किसी भी भाषा के विकास में शिक्षकों का अहम योगदान होता है। लेकिन, जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों पर नजर डालें, तो यहां भी हिंदी से आगे अंग्रेजी है और हिंदी के शिक्षकों की संख्या काफी कम है। जिले के 58 उच्च विद्यालयों में हिंदी के शिक्षकों के 71 पद सृजित किए गए हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र 22 शिक्षक ही कार्यरत हैं। 40 ऐसे विद्यालय हैं, जहां हिंदी के एक भी शिक्षक नहीं हैं। दूसरी ओर, 11 प्लस-टू स्कूलों में हिंदी के 11 पद हैं। इनमें चार शिक्षक कार्यरत हैं और सात पद खाली हैं। सात ऐसे स्कूल हैं, जहां हिंदी भाषा के एक भी शिक्षक नहीं हैं। इस तरह देखा जाए, तो हाई स्कूलों में 69 व प्लस स्कूलों में 50 प्रतिशत हिंदी शिक्षकों के पद खाली हैं।
एक नजर
कुल उच्च विद्यालय : 58
शिक्षकों के पद : 644
कार्यरत शिक्षक : 245
रिक्त पद : 399
विषय कुल पद कार्यरत रिक्त प्रतिशत
हिंदी 71 22 49 69
अंग्रेजी 68 34 34 50
प्लस टू स्कूलों के आंकड़े
हिंदी 11 04 07 63
अंग्रेजी 11 05 06 54
विभाग नहीं करेगा कार्यक्रम आयोजित
हिंदी दिवस पर भले ही शहर की विभिन्न संस्थाएं कार्यक्रम आयोजित करें। लेकिन, जिले का शिक्षा विभाग ऐसा कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं करेगा। इसके साथ ही विभाग ने अब तक सरकारी स्कूलों में हिंदी दिवस मनाने के संबंध में भी कोई भी आदेश नहीं जारी किया है।