(पत्रकारों को जानकारी देते प्रो. एसके शास्त्री व अन्य।)
जमशेदपुर। बिष्टुपुर राम मंदिर में 6 से 8 फरवरी तक एशियाई ज्योतिष सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, मलेशिया, आस्ट्रेलिया, इटली और अमेरिका से अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त ज्योतिषी शिरकत करेंगे। सम्मेलन में ज्योतिष शास्त्र को पूर्ण मान-सम्मान के साथ देश-विदेश में प्रतिष्ठित करने पर चिंतन व मंथन किया जाएगा।
रविवार को बिष्टुपुर के एक होटल में ज्योतिष शिक्षण संस्थान के संस्थापक प्रो. एस.कुमार शास्त्री ने पत्रकारों को बताया कि सम्मेलन में पारंपरिक शास्त्र, कृष्ण मूर्ति पद्धति, चिकित्सा ज्योतिष, संख्या तत्व और व्यावहारिक वास्तु शास्त्र पर विशेषज्ञ अपनी बात रखेंगे।
6 व 7 को नि:शुल्क परामर्श शिविर
सम्मेलन के दौरान 6-7 फरवरी को शाम 5.30 बजे से रात 8 बजे तक नि:शुल्क ज्योतिष परामर्श शिविर लगाया जाएगा। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ ज्योतिष परामर्श देंगे। उन्होंने कहा कि ज्योतिष शास्त्र की पढ़ाई के लिए संस्कृत को आधार बनाया गया है। संस्कृत का ज्ञान अपेक्षाकृत कम लोगों को है। सभी भाषा में ज्योतिष की पढ़ाई होगी, तभी इसका ज्ञान अधिक लोगों को प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ ज्योतिष की पढ़ाई का बेहतर बंदोबस्त कर दे, तो बड़े पैमाने पर बेरोजगारी दूर हो जाएगी। सम्मेलन में इस मसले पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजन समिति इस प्रकार है : अध्यक्ष- मुरलीधर केडिया, सचिव- प्रो. एसके शास्त्री, मीडिया प्रभारी- विजय सिंह, झारखंड को-ऑर्डिनेटर- एन. कुमार (रांची) के अलावा तपन राय, राजेश भारती व मुरली राव।