पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एक जनवरी से 839 रुपए में मिलेगा घरेलू सिलेंडर, आधार लिंक कराने में जुटी एजेंसियां

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. शहर के गैस उपभोक्ताओं के लिए एक जनवरी 2015 से केंद्र की डीबीटीएल (डायरेक्ट कैश बेनीफिट ट्रांसफर) योजना लागू की जा रही है। इस योजना के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर 839 रुपए में खरीदने पड़ेंगे। गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी की राशि (388.50 रुपए) सीधे उपभोक्ताओं के बैंक अकाउंट में भेजी जाएगी। अकाउंट में सब्सिडी का पैसा आने के बाद एक सिलेंडर 440.50 रुपए का ही पड़ेगा।

आधार लिंक कराने में जुटी एजेंसियां
केंद्र सरकार की योजना के आदेश के अनुरूप गैस एजेंसियां सब्सिडी की राशि ट्रांसफर करने के लिए जरूरी कागजात लेना और बैंक से उपभोक्ताओं को आधार नंबर लिंक करने की तैयारी में जुट गए हैं। इसके लिए आधार से सभी ग्राहकों को लिंक किया जा रहा है। आधार नंबर से लिंक होने से उपभोक्ताओं के अकाउंट में सब्सिडी की राशि मिलने लगेगी। इसी के जरिये बैंक और एजेंसी के माध्यम से राशि का ट्रांजेक्शन होगा।
दिसंबर तक भरना होगा फॉर्म
सब्सिडी की रकम खाते में पाने के लिए ग्राहकों को दिसंबर तक फॉर्म भरना होगा। उसके बाद ही उन्हें जनवरी से सब्सिडी की रकम खाते में मिलेेगी। दिसंबर तक फॉर्म नहीं भर पाने वाले बाद में भी फॉर्म भर सकते हैं, लेकिन ऐसे लोगों के खाते में रकम जनवरी के बाद आएगी।
कैसे मिलेगी सब्सिडी
वर्तमान में जमशेदपुर में बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 839 रुपए है। एजेंसी वाले अपने ग्राहकों से एक जनवरी 2015 से हर सिलेंडर की कीमत इतनी ही वसूलेंगे। ऐसे में हर ग्राहक के खाते में एक सिलेंडर लेने पर 388.50 रुपए की रकम जमा होगी। एक साल में 12 सिलेंडर की बाध्यता होने की वजह से सालभर में ग्राहकों को 4662 रुपए सब्सिडी मिलेगी। केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार, सिलेंडर की कीमत में उतार-चढ़ाव के बाद सब्सिडी की राशि में फेरबदल हो सकती है।
खाद्य विभाग भी करेगा निगरानी
ग्राहकों के खाते में सब्सिडी की रकम समय पर जा रही है या नहीं, इसकी निगरानी खाद्य विभाग के अफसर भी करेंगे। सरकार की ओर से दिए गए आदेश के मुताबिक, खाद्य निरीक्षक गैस एजेंसियों से हर महीने ये आंकड़े जुटाएंगे कि उनके पास कितने लोगों ने सब्सिडी के लिए फॉर्म भरा है और कितने उपभोक्ताओं के खातों में रकम ट्रांसफर हुई।
आधार नहीं, तो वोटर कार्ड का होगा उपयोग
जिस ग्राहक के पास आधार कार्ड नहीं है, उनको अधिक घबराने की जरूरत नहीं है। वोटर कार्ड पर भी ग्राहकों को लिंक किया जा सकता है। एजेंसी में फॉर्म भरने के बाद आधार कार्ड नहीं होने पर वोटर आईकार्ड भी दिखाई जा सकती है। इससे भी सब्सिडी की राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।
एक जनवरी 2015 से गैस सब्सिडी की राशि उपभोक्ताओं के अकाउंट में जाएगी। इसके लिए सभी ग्राहकों को बैंक से अकाउंट को लिंक कराना होगा। 31 दिसंबर 2014 तक सभी ग्राहकों को लिंक करा लेने से जनवरी से सब्सिडी की राशि सीधे अकाउंट में आ जाएगी। एक जनवरी से सिलेंडर की पूरी कीमत उपभोक्ताओं को देनी होगी। ताराचंद्र अग्रवाल, सचिव, गैस डीलर एसोसिएशन, जमशेदपुर