जमशेदपुर। हाईकोर्ट द्वारा छह सप्ताह में टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) का चुनाव कराने संबंधित आदेश डीसी डॉ अमिताभ कौशल को मिल गया है। डीसी ने यूनियन नेताओं को शनिवार को आश्वासन दिया कि हाईकोर्ट के आदेश का जिला प्रशासन अनुपालन करते हुए स्वच्छ व निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराएगा।
हाईकोर्ट का आदेश मिलने के बाद डीसी डॉ अमिताभ कौशल से शनिवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पीएन सिंह और महासचिव बीके डिंडा गुट ने भेंट की। डीसी ने यूनियन नेताओं को हाईकोर्ट का आदेश मिलने की जानकारी दी और जल्द चुनाव प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया।
यूनियन नेताओं ने डीसी से अलग-अलग की मुलाकात
डीसी डॉ अमिताभ कौशल से शनिवार दोपहर 1.30 बजे टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पीएन सिंह और महामंत्री बीके डिंडा गुट ने अलग-अलग मुलाकात की। यूनियन चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में इंटरवेनर बने संजय सिंह व रघुनाथ पांडे गुट के चंद्रशेखर झा, धर्मेंद्र उपाध्याय, सहायक सचिव शिवेश वर्मा, शैलेश कुमार सिंह, मनोहर मुखिया भी डीसी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन डीसी के मीटिंग में रहने की वजह से इनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद इन लोगों ने डीसी कार्यालय में हाईकोर्ट के आदेश की प्रमाणित कॉपी जमा कर दी।
जल्द शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
यूनियन अध्यक्ष पीएन सिंह ने कहा कि वे आठ ऑफिस बेयरर्स के साथ डीसी से मिले। डीसी नेे कहा कि हाईकोर्ट का आदेश को मिल गया है। आदेश का अध्ययन करने के बाद जल्द यूनियन की चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उनके साथ डिप्टी प्रेसिडेंट संजीव चौधरी, सुबोध श्रीवास्तव, आर रवि प्रसाद, शहनवाज आलम, भगवान सिंह, आरके सिंह, सतीश सिंह, शैलेंद्र राय मौजूद थे।
पांडे गुट ने डीसी को दी फैसले की प्रति
वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष रघुनाथ पांडे गुट ने शनिवार को डीसी कार्यालय में यूनियन चुनाव के लिए झारखंड हाईकाेर्ट द्वारा दिए गए फैसले की प्रति दी। प्रति सौंपने वालों में पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष शिवेश कुमार वर्मा, धर्मेंद्र उपाध्याय, एचके यादव, बीके पांडेय, सीएस झा, विमल कुमार, एसके सिंह आदि शामिल थे।
कर्मियों की नहीं ली जाएगी मदद
प्रशासन की देखरेख में होने वाले चुनाव में यूनियनकर्मियों की सहायता प्रशासन पूर्व में लेता रहा है, लेकिन इस बार इन कर्मचारियों को चुनाव कार्य से अलग रखा जाएगा। चुनाव का संचालन पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। प्रशासन को जानकारी मिली है कि यूनियन के कर्मचारी चुनाव में हिस्सा लेने वाले किसी न किसी के प्रति झुकाव रखते हैं। इसलिए उन्हें चुनाव प्रक्रिया से दूर रखा जाएगा।
आगे की स्लाइड में देखें photos