जमशेदपुर। टाटा स्टील अर्बन सर्विसेज की ओर से प्रेम उत्सव के दिन (वैलेंटाइन-डे) पर हास्य-व्यंग्य की शाम सजाई जाएगी। सर्विसेज के रवि पांडेय ने बताया कि होली के पहले होने जा रहे इस सम्मेलन में हास्य-व्यंग्य के साथ ही प्रेम और सौंदर्य के रंग भी होंगे।
रामदास भट्ठा सामुदायिक भवन में होने वाले इस कवि सम्मेलन में मशहूर कवि सुरेंद्र शर्मा आकर्षण के केंद्र होंगे। अपनी कविताओं से हर उम्र के लोगों को रिझाने और उनका मनोरंजन करने का माद्दा रखने वाले सुरेंद्र शर्मा की रचनाओं में हास्य
के साथ ही आज की व्यवस्था पर जबर्दस्त चोट भी दिखती है। कवि सम्मेलन में सुरेंद्र शर्मा के अलावा मुंबई के महेंद्र अजनबी, छत्तीसगढ़ से संपत सरल, दिल्ली से अश्करण अटल और यूपी से रचना तिवारी सम्मेलन का हिस्सा बनेंगी। पांडेय ने बताया कि टाटा स्टील अर्बन सर्विसेज की ओर से वर्ष 2014 से कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कवि सम्मेलन शाम 5 बजे से शुरू होगा। इसका प्रवेश पत्र टाटा स्टील के सभी सामुदायिक भवनों से प्राप्त किया जा सकता है।