पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

600 करोड़ से दमकेगा बाजार, दिवाली तक जारी रहेगी खरीदारी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. त्योहारों का मौसम शुरू होने के साथ शहर के प्रमुख बाजार दमकने लगे हैं। बाजार में यह रौनक बोनस, एरियर व वेज समझौता के बाद कर्मचारियों के बढ़े वेतन से लगभग 600 करोड़ रुपए के आने की उम्मीद से आई है। दुकानदारों ने तैयारी लगभग पूरी कर ली है। वहीं खरीदार भी योजना बना रहे हैं। बैंक ऑफ इंडिया कार लोन 10.4 प्रतिशत ब्याज दर पर दे रहा है, जबकि बैंक ऑफ बड़ौदा में यह दर 10.5 प्रतिशत है। त्योहार को लेकर बैंक कार लोन लेने वाले ग्राहकों से प्रोसेसिंग फीस नहीं ले रहे हैं।
जानकार इस बार त्योहारों में बाजार का कारोबार करीब 30 से 40 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जता रहे हैं। दुर्गोत्सव से दीपावली तक खरीदारी की जोर रहेगी। सोने-चांदी के भाव में उतार-चढ़ाव के बावजूद आभूषणों की बिक्री में कमी नहीं आएगी। इसके अलावा फर्नीचर, रेडीमेड कपड़े और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं की भी मांग ज्यादा होगी।

जानकार बताते हैं कि बोनस व एरियर का पैसा बाजार में फ्लो होने के बाद ऑटोमोबाइल्स इंडस्ट्री के साथ-साथ गारमेंट्स, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और हाउसिंग समेत अन्य क्षेत्र गुलजार होंगे। बोनस व एरियर की रकम म्यूचुअल फंड, फिक्सड डिपॉजिट और शेयर बाजार में भी खपेगी। इसके लिए राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ-साथ निजी बैंक भी कमर कस कर तैयार हैं। बैंक
ऑफ इंडिया, एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से नवंबर तक आकर्षक दर पर फिक्सड डिपाजिट योजना की घोषणा होने की उम्मीद है।
बाजार में कहां से आएगा पैसा
टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टिनप्लेट, जुस्को, एचबी एक्सल, टेल्कान, कमिंस, तार कंपनी व लाफार्ज समेत विभिन्न कंपनियों में लगभग 1.10 लाख स्थायी और अस्थायी कामगार हैं। उन्हें 300 करोड़ रुपए बोनस के रूप में मिलेगा। इसमें से टाटा स्टील समेत कई कंपनियों में हाल के दिनों में वेज समझौता भी हुआ है। इस कारण एरियर मद में भी लगभग 300 करोड़ रुपए बाजार में आएंगे। टाटा स्टील ने 193.34 करोड़ रुपए बोनस दिया है। इसमें से 109.67. करोड़ रुपए जमशेदपुर प्लांट से जुड़े कर्मियों को मिले हंै। इसके अलावा टाटा स्टील, जुस्को, टिमकेन, टाटा मोटर्स समेत कई कंपनियों में बोनस समझौता हो गया है।
यहां से आएगी राशि
शहर की कंपनियों में बोनस समझौता से आएगी राशि : लगभग 300 करोड़
वेज समझौता के बाद बढ़े हुए वेतन के रूप में आने वाली राशि : लगभग 150 करोड़ रुपए
वेज समझौता के बाद कर्मचारियों को एरियर मद में मिली राशि : लगभग 150 करोड़ रुपए
दुर्गोत्सव बाजार में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ेगी। कपड़ा सबकी जरूरत है। इसके बिना काम नहीं चल सकता है। बेहतर कारोबार होगा। वीरेंद्र सोनी, कपड़ा दुकानदार

दुर्गोत्सव में बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है। इसके लिए विशेष तैयारी की गई है। ग्राहकों को कई शानदार ऑफर दिए जा रहे हैं। राजा सिंह, इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी
रुपए की समझनी होगी अहमियत
बढ़ती महंगाई को देखते हुए सभी को रुपए की अहमियत समझनी होगी। पैसा वहीं खर्च होना चाहिए, जहां अति आवश्यक है। आमदनी और खर्च में सही संतुलन जरूरी है। वर्तमान में फिक्स डिपोजिट(एफडी) सबसे विश्वसनीय निवेश माना जा रहा है। यह रिस्क फ्री है। शेयर बाजार पिक पर है, लेकिन इसमें अनिश्चितता का माहौल बना रहता है। नए निवेशक को सोच समझ कर इसमें इनवेस्ट करना चाहिए। सोना में उतार-चढ़ाव जारी है। जगदीश खंडेलवाल, सीए