पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

राजमिस्त्री निकला पीएलएफआई उग्रवादी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

रांची. पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया का सदस्य होने की आशंका में गुरुवार रात पुलिस ने मनोज मुंडा नामक युवक को अरगोड़ा बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से इटली मेड नाइन एमएम पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। उसका साथी उपेंद्र नाग भागने में सफल रहा। मनोज हजारीबाग थाना क्षेत्र के ओठटोला और उपेंद्र खूंटी थाना क्षेत्र के हातूदाई का रहने वाला है। शनिवार को कोर्ट में पेशी के बाद मनोज को जेल भेजा जाएगा।

वह रांची में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था।लड़की लेकर आया, तो हुआ विवाद जानकारी के अनुसार, मनोज अरगोड़ा बस्ती निवासी दशरथ साहू के मकान में किराए पर रहता था। वह घर के ऊपरी तल्ले पर स्थित एक कमरे में रहता था। गुरुवार को वह एक लड़की को साथ लेकर आया।

उसके साथ उपेंद्र भी था। दशरथ साहू ने घर का दरवाजा खोला और लड़की के बारे में पूछताछ की। लेकिन मनोज ने ठीक से जवाब नहीं दिया। इस पर दशरथ ने उसे दुबारा ऐसा नहीं करने की हिदायत दी। इसको लेकर दोनों उलझ गए। इस बीच मामले की जानकारी अरगोड़ा पुलिस को दे दी गई। पुलिस जैसे ही उक्त मकान में पहुंची मनोज और उपेंद्र ने ऊपरी तल्ले ने नीचे छलांग लगा दी। उपेंद्र भागने में सफल रहा। जबकि मनोज हाथ में रखे पिस्टल के साथ नीचे गिर गया। उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

इधर, सिटी एसपी राजीव रंजन सिंह ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। मनोज द्वारा
हथियार लेकर घूमने की बात भी सामने आई थी। उसके साथी को पकडऩे के लिए छापेमारी जारी है। जल्द ही पुलिस को मनोज के और साथियों का पता चल जाएगा। इसके बाद शहर में रह रहे अन्य आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों की धर-पकड़ की जाएगी।

बच्ची और पत्नी की परेशानी बढ़ी

मनोज एक कमरे में पत्नी सूरज मनी देवी और छह माह की बच्ची के साथ रहता था। शुक्रवार रात मां-बेटी कमरे में अकेली थीं। डरी सहमी पत्नी ने सिर्फ इतना कहा कि उसे पता नहीं था कि पति के पास हथियार हैं। नन्ही बच्ची को गोद में थामे रात गुजरने का इंतजार कर रही थी।

कमरे में बिखरा सामान और टूटा अलमीरा पुलिस सर्च की कहानी कह रहे थे।
मनोज की मकान मालकिन ने बताया कि कई वर्षों से उसका परिवार उनके मकान में रह रहा है। वे लोग बचपन से उसे जानते हैं। माता-पिता की मौत के बाद वह राजमिस्त्री का काम करने लगा। कभी उसके पास हथियार होने की बात पता नहीं चली। वहीं, पुलिस को सूचना थी कि मनोज हथियार लेकर घूमता है। जबकि मनोज ने कहा कि हथियार उपेंद्र ने दिया था।