जमशेदपुर. शास्त्रीनगर में मुख्य सड़क के चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले कई मकानों को चिह्नित करते हुए दाग लगाया गया है। प्रशासन ने इसे गलत कार्रवाई मानते हुए जुस्को के प्रबंध निदेशक आशीष माथुर को नोटिस निर्गत किया है। धालभूम एसडीओ प्रेम रंजन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया कि समूची कार्रवाई सार्वजनिक संपत्ति निरुपण अधिनियम का उल्लंघन है। मकानों पर दाग क्यों लगाए गए? एमडी से तुरंत इस मसले पर जवाब मांगा गया है।
मालूम हो कि शहर में यातायात पर दबाव कम करने के लिए बिष्टुपुर को शास्त्रीनगर होते हुए मरीन ड्राइव तक जोड़ने की योजना है। शास्त्रीनगर मुख्य मार्ग संकरा है। कई स्थानों पर अतिक्रमण हो चुका है। यहां सड़क का चौड़ीकरण होना है, ताकि जुगसलाई की ओर से आने वाले भारी वाहन उस रास्ते से होकर मरीन ड्राइव निकल सके। इस प्रोजेक्ट की जानकारी प्रशासन के आला अफसरों को भी है। अचानक सड़क के चौड़ीकरण के लिए सर्वे दल ने शास्त्रीनगर में कई मकानों में दाग लगाया है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि चिह्नित घरों को तोड़ा जा सकता है। इस मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
क्या है संपत्ति निरूपण अधिनियम
सार्वजनिक संपत्ति निरूपण अधिनियम के तहत मकान मालिक की मंजूरी के खिलाफ उनके घर में चिह्न लगाना अथवा बिना अनुमति कोई कार्य करना कानूनन गलत है। अगर मकान मालिक शिकायत करते हैं तो इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इस अधिनियम के तहत मामूली सजा का प्रावधान है। शास्त्रीनगर के कुछ मकान मालिकों ने अनुमंडल प्रशासन के अधिकारियों से इसकी मौखिक शिकायत की है। अगर लिखित शिकायत मिलती है तो अधिनियम के तहत दोषी लोगों के खिलाफ न्यायालय में मुकदमा शुरू हो सकता है।
जुस्को नहीं कर रही मरीन ड्राइव का निर्माण
मरीन ड्राइव का निर्माण जुस्को नहीं कर रहा है। यह काम टाटा इंजीनियरिंग सर्विसेज को मिला हुआ है। हम लोग मरीन ड्राइव से जुड़े किसी मसले के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कह सकते।राजेश राजन, चीफ कॉरपोरेट कम्युनिकेशन, जुस्को
शास्त्रीनगर में कुछ मकानों में दाग लगाए गए हैं। उनको तोड़ने के लिए प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है, न ही यह काम प्रशासन की अनुमति से किया गया है। इस बारे में जुस्को से जवाब-तलब किया गया है। कहीं अतिक्रमण है, तो उस बारे में प्रशासन फैसला लेगा, कोई और नहीं। फिलहाल शास्त्रीनगर में किसी भी मकान को नहीं तोड़ा जाएगा।^प्रेमरंजन, एसडीओ
आशियाना बचाने सड़क पर उतरे लोग
कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-1 से पांच तक सड़क चौड़ीकरण के लिए मकानों को चिह्नितीकरण करने के विरोध में रविवार को स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। जानकारी मिलने पर सांसद विद्युतवरण महतो, भाजपा नेता सरयू राय, पार्टी के जिलाध्यक्ष नंदजी प्रसाद के अलावा विधायक बन्ना गुप्ता ने ब्लॉक नंबर 1 से पांच तक पदयात्रा की और घर-घर जाकर लोगों से इस पर बात की।
सांसद विद्युतवरण महतो ने लोगों से कहा कि किसी भी कीमत पर घरों को तोड़ने नहीं दिया जाएगा। जरूरत पड़ी, तो इसके विरोध में संसद में भी आवाज उठाएंगे। सांसद और सरयू राय ने लोगों को आश्वासन दिया कि वे उनके घरों को टूटने नहीं देंगे। राय ने कहा कि मरीन ड्राइव से जब समस्या का समाधान हो सकता है, तो फिर किसी को भी पांच हजार घरों को उजाड़ने नहीं दिया जाएगा। कंपनी को अगर सड़क की जरूरत है, तो वह मरीन ड्राइव का उपयोग भाटिया बस्ती से लेकर सेंट्रल एक्साइज कॉलोनी तक करनी चाहिए, क्योंकि इसी कार्य हेतु इसका निर्माण किया गया है। सरयू राय के प्रवक्ता रत्नेश सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने संयुक्त बैठक कर सांसद और सरयू राय से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की, ताकि उनके घरों और दुकानों की रक्षा हो सके। मौके पर चितरंजन वर्मा, राकेश सिंह, आफताब अहमद सिद्दीकी, अरविंद महतो, केपी सिंह, भीम सिंह, पारसनाथ दुबे, राजू सिंह, राजेश सिंह, तारक मुखर्जी, सुनील पांडेय, आनंद सिंह आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री के समक्ष दर्ज कराएंगे विरोध : विधायक
शास्त्रीनगर में मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की वजह से सड़क के किनारे बने घरों के तोड़े जाने के खबरों के बीच रविवार को विधायक बन्ना गुप्ता ने भी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि वे किसी हालत में उनके मकानों को नहीं टूटने देंगे। अगर टाटा स्टील ने मकानों को तोड़ने का काम किया, तो पूरा एरिया रणक्षेत्र में बदल जाएगा। विधायक ने कहा कि शास्त्रीनगर बस्ती एरिया है। यह नेशनल हाइवे नहीं है कि उसे चौड़ा कर फोरलेन सड़क बनाई जाए। विधायक ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष विरोध दर्ज कराने की बात कही।