जमशेदपुर. बिल्डिंग डिवीजन समेत अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे भवन और पथ निर्माण कार्य की डीसी डॉ अमिताभ कौशल ने शनिवार को समीक्षा की। बिल्डिंग डिवीजन के कार्यपालक अभियंता (ईई) के नहीं आने पर समीक्षा बैठक नहीं हुई। डीसी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर बिना सूचना के गायब रहने पर एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। कार्यपालक अभियंता सुशील हांसदा का यह दूसरा मौका है, जब एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया है।
हेल्थ विभाग
हेल्थ विभाग के कार्यपालक अभियंता नहीं आए। इसलिए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उनके नहीं आने से समीक्षा में परेशानी हुई। उनकी जगह पर सहायक अभियंता आए थे। उन्हीं की रिपोर्ट पर समीक्षा की गई। घाटशिला और चाकुलिया स्वास्थ्य केन्द्र में बिजली नहीं है। कनेक्शन के लिए आवेदन देने को कहा गया। धालभूमगढ़ स्वास्थ्य केन्द्र में एप्रोच रोड नहीं है। उसे बनाने के लिए एस्टीमेट बनाकर देने को कहा गया। वहां बोरिंग भी नहीं है। उसके लिए भी एस्टीमेट देने को कहा गया। मुसाबनी स्वास्थ्य केन्द्र अब तक शिफ्ट नहीं हुआ है। सिविल सर्जन को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। घाटशिला में बने भवन में स्वास्थ्य केन्द्र को शिफट करने को कहा गया है। इसके लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है।
कृषि विभाग
ब्लॉक सह अंचल कार्यालय बोड़ाम में बना है। वह भवन क्रेक कर गया है। उसे 30 सितंबर तक ठीक करने को कहा गया है। इसके लिए विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ब्रजेश कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह कार्य पूर्व के कार्यपालक अभियंता के कार्यकाल में हुआ था, फिर भी उन्हें शोकॉज जारी किया गया है। बीडीओ, सीओ निवास और गुड़ाबांधा में भी यही समस्या है। सितंबर में डीडीसी और विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता भ्रमण करेंगे। पटमदा ब्लॉक का कार्यालय शिफ्ट किया गया है। आवास ठीक नहीं है। इसके लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। बोड़ाम अंचल कार्यालय का काम समय पर नहीं हुआ है। उपयोगिता और पूर्णता प्रमाण पत्र मांगा गया है।
कल्याण विभाग
कल्याण विभाग द्वारा आश्रम विद्यालय बनाया जा रहा है। उसे शिफ्ट करना है। फिनिशिंग का काम चल रहा है। बिरसानगर जोन नंबर एक में शिशु मंदिर खेल मैदान पर रिपोर्ट आ गई
है कि खेल का मैदान बनाया जा सकता है।
झालको
डुमरिया, घाटशिला, मुसाबनी से वर्ष 2011-12 और 2012-13 का काम लंबित है। तीन सड़कों का काम शुरू ही नहीं हुआ है। उसका पैसा वापस करने के लिए घाटशिला विधायक को कहा गया है, ताकि दूसरे से काम कराया जा सके।
पीडब्ल्यूडी
पीडब्ल्यूडी में दुबलाबेड़ा से हरिण तक सड़क की मजबूतीकरण और कालीकरण का काम करना है। काम सितंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। एक किलोमीटर का काम बचा है। सड़क की कुल लंबाई 7.5 किलोमीटर है। 5.86 करोड़ में से 5.56 करोड़ रुपए खर्च हो चुका है।
मानगो सड़क
मानगो की मुख्य सड़क का चौड़ीकरण जल्द करने को कहा गया है। दूध की गुमटी बाधक बनी है। उसे हटाने के लिए समय दिया गया है। गुमटी नहीं हटाने पर अतिक्रमण एक्ट के तहत उसे तोड़ दिया जाएगा। सड़क का काम चेपा पुल तक हो गया है। पोल हटाने का तेजी से करने को कहा गया है।
डोमजुड़ी में रोड बनाने का काम बंद
छठे चरण में डोमजुड़ी रोड वन विभाग की जमीन में आने के कारण आईओ विभाग ने काम बंद कर दिया है। 10वें चरण में लालशाही में रैयती जमीन में आ जाने के कारण काम बंद हो गया है। एनपीसीसी द्वारा बताया गया है कि जहां भी काम किया गया है, अधूरा है। बरसात के बाद उसमें गति आएगी। सातवां चरण दिसंबर 2014 तक, आठवां चरण फरवरी तक और 11वां चरण 15 मार्च तक पूरा हो जाएगा। डीसी ने कहा है कि रोड का काम करने वाले संबंधित विभाग को सूचना देकर और एनओसी लें।
मानगो योजना के लिए बनेगी सुझाव कमेटी
पीएचईडी का काम धरातल पर शुरू हो गया है। जमशेदपुर, आदित्यपुर को एक सप्ताह में काम शुरू करने को कहा गया है। मानगो योजना के लिए एक कमेटी बनेगी, जो कमियों को दूर करने के लिए सुझाव देगी। मुसाबनी में एचसीएल की पुरानी योेजना है। उसे पीएचईडी को हैंडओवर करने को कहा गया है, ताकि नई योजना को शुरू किया जा सके। चाकुलिया वाटर सप्लाई योजना तैयार है। उसे हैंड ओवर करने को कहा गया।