जमशेदपुर. टेल्को थाना अंतर्गत प्रेमनगर पार्क के पास जुस्को द्वारा आठ दुकानों को हटा दिया गया। जुस्को की टीम गुरुवार सुबह नौ बजे प्रेमनगर पार्क के पास पहुंची। टेल्को थाना की पुलिस भी साथ थी। पोकलेन की मदद से दुकानों को हटाए जाने का काम शुरू हुआ, जो दोपहर करीब 12.30 बजे तक चला। जुस्को द्वारा दुकान हटाए जाने से दुकानदार काफी आक्रोशित थे। हालांकि, किसी दुकानदार ने विरोध नहीं किया।
दुकानदारों की मानें, तो जुस्को के पदाधिकारी गुरुवार की सुबह अचानक दल-बल के साथ दुकान हटाने पहुंचे। उन्होंने अविलंब दुकान खाली करने अन्यथा दुकान तोडऩे की चेतावनी दी। अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है।
दुकान का देते हैं किराया फिर भी तोड़ दिया
दुकानदार रामदास राय के मुताबिक, वे जुस्को को दुकान का किराया भी देते हैं। जुस्को से उनकी बहू किरण देवी के नाम पर दुकान आवंटित किया था। फिर भी बिना नोटिस दिए जुस्को ने दुकानें तोड़ दीं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और जुस्को द्वारा प्रेमनगर मैदान को पार्क के रूप में रूपांतरित किया जा रहा है। पार्क के कारण उनलोगों को उजाड़ दिया गया। दुकान से ही परिवार का भरण पोषण होता था। अब वे कहां जाएं।
बहू के नाम पर आवंटित है दुकान
मैं 20 वर्ष से दुकान कर रहा हूं। टाटा स्टील की ओर से दुकान बहू के नाम पर आवंटित है। लेकिन, बिना नोटिस दिए दुकान तोड़ दी गई। रामदास राय, दुकानदार
बिना नोटिस दिए तोड़ दी गई दुकान
पिछले 30 वर्ष से साइकिल दुकान चला रहा था। दुकान से ही परिवार का भरण-पोषण होता था। बिना नोटिस के जुस्को ने दुकान तोड़ दी। दुकान हटाने का मौका भी नहीं दिया गया। सीताराम प्रसाद, दुकानदार
अचानक की गई कार्रवाई, एक पल में सब बर्बाद हो गया
मैं 20 साल से वेरायटी स्टोर चला रहा था। लेकिन एक पल में ही सब बर्बाद हो गया। दुकान हटाने से पहले नोटिस दिया जाना चाहिए। अचानक कार्रवाई की गई। ललित राय, दुकानदार