जमशेदपुर. कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-3 में रिटायर टाटा स्टील कर्मी जगन्नाथ सिंह के घर का ताला तोड़कर बदमाशों ने 1.50 लाख नकद समेत लाखों रुपए के जेवरात चुरा लिए। घटना शुक्रवार रात की है। जगन्नाथ सिंह पत्नी का इलाज कराने तीन दिन पहले पटना गए थे। इस दौरान उनके घर में चोरी हो गई। जानकारी मिलने पर जगन्नाथ सिंह के पुत्र कर्मवीर सिंह शनिवार की शाम शहर पहुंचे।
पड़ोसी ने दी चोरी की जानकारी
बकौल कर्मवीर, पड़ोसी अशोक सिंह ने शनिवार की सुबह घर में चोरी होने की जानकारी दी। अशोक सिंह के अनुसार, उन्होंने जगन्नाथ सिंह के घर का ताला टूटा देखा और गेट भी खुला था। शंका होने पर वे अंदर गए, तो सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। इसके अलावा तीन अलमीरा भी खुली हुई थी।
6.50 लाख के गहने गायब
कर्मवीर सिंह के अनुसार, बदमाशों ने अलमीरा से सोने की 5 चेन, 10 ईयर टॉप, पांच अंगूठी, 1 सिक्का, चांदी की पांच जोड़ी पायल, दो सिक्का, व बर्तन गायब कर दिया। इनकी कीमत लगभग 6.50 लाख रुपए थी। इसके अलावा नकद 1.50 लाख रुपए भी गायब हैं। जानकारी मिलने पर कदमा थाना की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। इस संबंध में कर्मवीर सिंह ने कदमा थाना में लिखित शिकायत की है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। चोरों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।