जमशेदपुर. डाक बीमाधारकों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें अपना बीमा जमा करने के लिए डाकघर नहीं जाना होगा, क्योंकि अब डाक विभाग के सभी जीवन बीमा धारकों की पॉलिसी ऑनलाइन होने जा रही है। इसके तहत अब बीमाधारक देशभर में कहीं भी डाक जीवन बीमा का प्रीमियम ऑनलाइन भर सकेंगे व एसएमएस के जरिए अपनी पॉलिसी की जानकारी हासिल कर लेंगे। नई व्यवस्था अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। बीमा कंपनियों से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए और अपना ग्राहक आधार बनाए रखने के लिए डाक विभाग ने अपने बिजनेस मॉडल में बदलाव किया है।
इससे लाखों पॉलिसीधारकों को फायदा होगा। इसके लिए डाक जीवन बीमा का सॉफ्टवेयर बनकर तैयार हो गया है। इस सॉफ्टवेयर की खास बात यह है कि यह उपभोक्ताओं को फर्जीवाड़े से बचाएगा। यह व्यवस्था जमशेदपुर समेत देशभर के सभी डाकघरों में अगले महीने से एक साथ शुरू हो जाएगी।
ये होगा फायदा
बीमाधारक अब किसी भी डाकघर में जमा कर सकेंगे प्रीमियम
नेट बैंकिंग के जरिए भी जमा हो सकेगा प्रीमियम
पॉलिसी अवधि समाप्त होने पर ऑनलाइन जान सकेंगे उसका स्टेटस।
क्रेडिट कार्ड से भी भर सकेंगे प्रीमियम
अपनी पॉलिसी को वे कहीं से भी आनॅलाइन देख सकेंगे।
मैक रखेगा नजर
नई व्यवस्था के लिए जिस सॉफ्टवेयर का प्रयोग होगा उसका नाम ‘मैक’ है। इसे इंफोसिस ने तैयार किया है। इसमें जीवन बीमा और डाक विभाग की आरडी का लेखा-जोखा रहेगा। जब कोई ग्राहक जीवन बीमा पॉलिसी लेकर प्रीमियम जमा करेगा, तो उसकी इंट्री तुरंत सॉफ्टवेयर में कर दी जाएगी। अगर डाक विभाग का एजेंट तुरंत इंट्री नहीं करेगा, तो उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसमें कितने ग्राहक जुड़े, कितना पैसा जमा हुआ, सबका हिसाब फीड किया जाएगा। हेराफेरी की सूचना भी अधिकारियों को तुरंत मिल जाएगी।
बीमाधारकों को जमा करना होगा पासबुक
जमशेदपुर डाक विभाग के वरीय अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत बीमाधारकों को अपना पासबुक डाकघर में जमा करने के लिए सूचना भेजी जा रही है, ताकि वे समय पर पासबुक जमा करा दें। पासबुक जमा होने के बाद उसकी डॉटा इंट्री की जाएगी।
व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और ग्राहकों को ज्यादा सुविधा देने के लिए डाक जीवन बीमा को ऑनलाइन किया जा रहा है। अब ग्राहकों को प्रीमियम जमा करने के लिए लाइन में नहीं खड़ा होना पड़ेगा। वे घर बैठे ही ऑनलाइन प्रीमियम जमा कर सकेंगे। नई व्यवस्था अक्टूबर से शुरू हो जाएगी।' एन सरकार वरीय डाक अधीक्षक, जमशेदपुर