गालूडीह/जमशेदपुर. गुरुवार को तड़के 5 बजे
कोलकाता से रांची जा रही बस व ट्रक में टक्कर होने से ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर होने के बाद बस पेड़ से जा टकराई। इससे बस में सवार दर्जनों यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह घटना एमजीएम थाना अंतर्गत बेलाजुड़ी काली मंदिर के समीप हुई।
बस चालक और खलासी घटना के बाद फरार हो गए। दुर्घटना के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। धीरे-धीरे यात्री बस से बाहर निकले। मृत ट्रक चालक का नाम पंकज कुमार बताया जा रहा है। वह जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना के सुंदरहातु का निवासी था। वैसे वह बिहटा, पटना का मूल निवासी था। मृतक के परिजन पोस्टमार्टम होने के बाद शव लेकर बिहटा रवाना हो गए।