जमशेदपुर. जुगसलाई फाटक पर लगने वाले जाम से निजात के लिए शहरवासियों की वर्षों पुरानी मांग शीघ्र ही धरातल पर नजर आएगी। राज्य सरकार और रेलवे ने मिलकर जुगसलाई फाटक पर ओवरब्रिज (आरओबी) की ड्राइंग फाइनल कर ली है। अब इसे दक्षिण-पूर्व रेलवे के जोनल मुख्यालय भेजा गया है। वहां से ड्राइंग को हरी झंडी मिलते ही ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
शनिवार को टाटानगर दौरे पर आए डीआरएम राजीव अग्रवाल ने अपने सैलून में दैनिक भास्कर से ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जुगसलाई में ओवरब्रिज निर्माण का कार्य शीघ्र पूरा करने का प्रयास है। इसके लिए फंड का आवंटन भी हो चुका है। राज्य सरकार और रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में आधी-आधी लागत वहन करेगी। इसके पहले डीआरएम शनिवार की सुबह एलेप्पी एक्सप्रेस से टाटानगर पहुंचे। शाम को एलेप्पी एक्सप्रेस से ही वे मंडल मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।
गांधी जयंती पर श्रमदान करेंगे रेलवे अफसर व कर्मचारी
डीआरएम ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण करने के बाद स्टेशन प्रबंधक सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। डीआरएम ने बताया कि 16 सितंबर से रेलवे विशेष सफाई अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत रेलवे स्टेशन के हर कोने को चकाचक किया जाएगा। वहीं, दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर रेलवे पदाधिकारी व कर्मचारी श्रमदान करेंगे। स्टेशन को साफ-सुथरा रखने के लिए यात्रियों को जागरूक करने की भी पहल होगी। डीआरएम ने इसे लेकर सबको जिम्मेदारी बांटी।
2 लाख लोगों को होगा फायदा
जुगसलाई फाटक पर ओवरब्रिज बनने से इस क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के करीब 2 लाख आबादी को लाभ मिलेगा। जुगसलाई की 80 हजार आबादी के साथ बागबेड़ा, सुंदरनगर, हाता, राजनगर से रोजाना कंपनी में कार्यरत ठेका मजदूर इस फाटक से आवाजाही करते हैं। ओवरब्रिज नहीं रहने के कारण अक्सर यहां जाम लग जाता है। इस कारण लोगों को हर दिन परेशानी झेलनी पड़ती है। बरसात में तो यहां की स्थिति और भी खराब हो जाती है।
आगे की स्लाइड में पढ़िए लगेंगे तीन लिफ्ट और एस्कालेटर।