जमशेदपुर। मुख्यमंत्री के आदेश पर जहां राज्य में बालू का उठाव बंद हुआ था, वहीं दोबारा बालू की कीमत कम कर उठाव करने का आदेश जारी हो चुका है। ऐसे में आदित्यपुर के बालू घाटों से भी विधिवत बालू उठाव के लिए उपायुक्त ने नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखा है। पत्र में बालू उठाव शुरू करने के लिए शर्तें रखी गई हैं, जिनमें घाट का टेंडर लेने वाले संवेदक को 15 दिनों के अंदर पर्यावरणीय क्लियरेंस देने को कहा गया है, अन्यथा उनका एग्रीमेंट रद्द कर अग्रिम राशि जब्त करने का दिशा निर्देश दिया गया है। उपायुक्त के इस निर्देश को कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश कुमार यादव ने सारे संवेदकों को भेज दिया है और समय सीमा के अंदर क्लियरेंस देने को कहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में बालू उठाव शुरू हो गया है। एेसे में यहां भी बालू उठाव शुरू करने के लिए उपायुक्त ने पत्र लिखा है। उन्होंने 15 दिन के अंदर पर्यावरणीय क्लियरेंस संवेदकों को देने का निर्देश दिया है। हमने उपायुक्त के निर्देश पर संवेदकों को अवगत करा दिया है। उम्मीद है इसी माह से बालू घाटों से बालू का विधिवत उठाव शुरु हो जाएगा।^सुरेश कुमार यादव, ईओ, नप आदित्यपुर।
1 सितंबर से होना था उठाव
पिछले वर्ष 20 अगस्त को आदित्यपुर थाना परिसर में स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी सात बालू घाट का टेंडर संपन्न कराया गया था। टेंडर में दिए गए प्रावधानों के मुताबिक एग्रीमेंट के बाद 1 सितंबर से बालू का उठाव विधिवत होना था। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका है। इसका मुख्य कारण जहां संवेदकों द्वारा पर्यावरणीय क्लियरेंस नहीं दिया जाना तथा खनन विभाग द्वारा बालू की दर तय नहीं किया जाना बताया जाता है।
हो रहा है अवैध उठाव, राजस्व की क्षति
इधर, आदित्यपुर के घाटों से बालू का उठाव निरंतर जारी है। इसमें क्षेत्र के दबंग बालू माफिया अपने स्तर से बालू का उठाव करवा रहे हैं। इससे सरकार को राजस्व की क्षति भी पहुंच रही है।
किस घाट की कितनी लगी बोली
कुलुपटांगा : न्यूनतम राशि 1 करोड़ 33 लाख 94 हजार रुपए, बंदोबस्ती : 2 करोड़ 75 लाख रुपए (बाबा इंटरप्राइजेज)
आदित्यपुर दो : न्यूनतम राशि 55 लाख 25 हजार 372 रुपए, बंदोबस्ती : 2 करोड़ 78 लाख रुपए (रजनी ग्रुप)
आदित्यपुर एक : न्यूनतम राशि 1 करोड़ 3 लाख 97 हजार 749 रुपए, बंदोबस्ती : 3 करोड़ 15 लाख रुपए (बाबा इंटरप्राइजेज)
दिंदली नदी तल : न्यूनतम राशि 50 लाख 23 हजार रुपए, बंदोबस्ती : 50 लाख 25 हजार रुपए (बाबा इंटरप्राइजेज)
सालडीह दिंदली : न्यूनतम राशि 79 लाख 97 हजार 996 रुपए, बंदोबस्ती : 86 लाख 13 हजार रुपए (अमित ट्रेडिंग)
सपड़ा घाट : न्यूनतम राशि 26 लाख 71 हजार 968 रुपए, बंदोबस्ती : 3 करोड़ 45 लाख रुपए (दुर्गा इंटरप्राइजेज)
आसंगी घाट : न्यूनतम राशि 45 लाख 44 हजार 200 रुपए, बंदोबस्ती : 2 करोड़ 97 लाख रुपए (जय माता दी लॉजिस्टिक)