जमशेदपुर। कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) में कार्यरत शिक्षकेतर कर्मचारियों की बहुप्रतीक्षित मांग वेतन निर्धारण और प्रोन्नति के लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से पहल शुरू कर दी गई है। यूनिवर्सिटी की ओर से दो अलग-अलग पत्र जारी कर कहा गया है कि सभी अंगीभूत कॉलेज के प्रिंसिपल को कॉलेज के थर्ड ग्रेड में स्वीकृत पद साक्ष्य समेत उपलब्ध कराएं। साथ ही पद के लिए कॉलेज के फोर्थ ग्रेड के योग्य कर्मचारियों की सूची भी देने को कहा गया है।
दूसरे पत्र में उन कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिनका अभी तक वेतन निर्धारण नहीं हो सका है। साथ ही इसे प्राथमिकता के आधार पर 15 दिनों के अंदर यूनिवर्सिटी प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। केयू के इस पहल को विश्वविद्यालय महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ ने सकारात्मक बताया।
महासंघ के परिक्षेत्रीय मंत्री विश्वंभर यादव ने कर्मचारियों से अपील की है कि जिन कर्मचारियों का अब तक सरकार की ओर वेतन निर्धारण नहीं हुआ है और जो एक जनवरी, 1996 के बाद रिटायर्ड हुए हैं, उनकी सूची बनाकर कॉलेज के माध्यम से भेजें। फोर्थ ग्रेड के योग्य कर्मचारी भी आवेदन को संबंधित कॉलेज के प्रिंसिपल से अग्रसारित करा कर शीघ्र यूनिवर्सिटी को
भेजें ताकि आगे की कार्रवाई शुरू हो सके।