जमशेदपुर. मकड़ी फेम शहर की अभिनेत्री श्वेता बासु प्रसाद जल्द ही हंसल मेहता की फिल्म के साथ सिल्वर स्क्रीन पर लौटेगी। इसके अलावा
बिग बॉस सीजन-8 के लिए भी ऑफर आया है। यह कहना है श्वेता के पिता अनुज प्रसाद का, जो एक फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करने शहर आए हैं।
बेटी को फैमिली का पूरा सपोर्ट : अनुज प्रसाद ने मीडिया में आई इस खबर को पूरी तरह निराधार बताया कि उन्होंने बेटी को सपोर्ट करना बंद कर दिया है, जिसके कारण श्वेता आर्थिक परेशानी से जूझ रही है। अनुज ने कहा कि बेटी के लिए उन्होंने टाटा स्टील की नौकरी छोड़ दी थी। श्वेता को हमेशा परिवार का सपोर्ट रहा है। यह बात सही है कि श्वेता 23 साल की हो गई है। हम उसके साथ हर पल नहीं रह सकते। इस कारण वह गलत संगत में पड़ गई थी।
बकौल प्रसाद, 2 सितंबर की हैदराबाद की घटना बेहद शर्मनाक है, लेकिन उससे भी शर्मनाक उसका मीडिया द्वारा तोड़-मरोड़ कर पेश करना है। ग्लैमर की दुनिया बेहद चैलेंजिंग है। क्यों रही सुर्खियों में श्वेता : 2 सितंबर को हैदराबाद के एक पांच सितारा होटल में पुलिस ने श्वेता और उसके साथी कलाकारों को पकड़ा था। आरोप लगा था कि वे सेक्स रैकेट में शामिल हैं। मीडिया में ऐसी खबर आने के बाद सोशल मीडिया पर श्वेता के पक्ष में जबर्दस्त कमेंट्स आए।
दीपिका पादुकोण ने भी श्वेता के पक्ष में ट्विट कर अपनी सहानुभूति जताई।