आदित्यपुर. चाईबासा रूट में पड़नेवाले पांड्राशाली रेलवे स्टेशन से करीब पांच लाख रुपए मूल्य के तांबा का तार चुराकर जमशेदपुर के जुगसलाई बेचने ला रहे छह सदस्यीय चोर गिरोह को आदित्यपुर पुलिस ने पकड़ा है। चोर गिरोह के चार सदस्य आदित्यपुर के पार्वती घाट बस्ती का रहने वाले हैं, जबकि एक तीस्ता रोड कदमा और एक राममड़इया बस्ती का है।
चोरी के माल को टेंपो (जेएच 05 एपी 8522) पर लादकर रात के अंधेरे में पांड्राशाली रेलवे स्टेशन से जुगसलाई लाया जा रहा था, जिसे करीब तीन बजे सुबह गश्ती कर रहे एसआई सुबा लाल टुडू ने खरकई टीओपी के पुलिस कर्मियों की मदद से पकड़ा। पूछताछ में सारे युवकों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें सरायकेला जेल भेज दिया है। आदित्यपुर थाना प्रभारी के अनुसार सारा माल रेलवे का है, जो 22 पेयर का केबुल तार है। चोर गिरोह में टेंपो का मालिक भी शामिल है, जो कदमा तीस्ता रोड का रहनेवाला है।
कौन-कौन शामिल हैं चोर गिरोह में
सरगना अजय यादव (राम मड़इया बस्ती), सोनू वर्मा (तीस्ता रोड कदमा, टेंपो मालिक), पवन थापा (पार्वती घाट बस्ती), दिलीप कालिंदी (पार्वती घाट बस्ती), लक्खी लोहार ( पार्वती घाट बस्ती), और जमधर देवगम (पार्वती घाट बस्ती) शामिल हैं।
रात्रि गश्ती में तैनात हमारे एसआई सुबा लाल टुडू ने आशियाना मोड़ आैर सीआरपीएफ कैंप के बीच सुबह करीब 3 बजे तेजी से भाग रहे टेंपो को रुकने का इशारा किया, लेकिन टेंपो चालक फुल स्पीड में भागता रहा। एसआई ने तत्काल खरकई टीओपी के प्रभारी हवलदार विजय शर्मा को फोन से इसकी सूचना दे दी। टीओपी के जवानों ने टेंपो को रोका और चोरी का माल ले जाते लोगों को भी हिरासत में ले लिया। टेंपो पर रेलवे का तांबा का केबुल है जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। अजय कुमार, थाना प्रभारी, आदित्यपुर।
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार घायल
थाना के चिलगु के पास रांची की ओर से जमशेदपुर आ रहे बाइक सवार टेल्को निवासी राहुल प्रसाद अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त को गया। इससे राहुल प्रसाद गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर चांडिल थाना प्रभारी राजीव कुमार पहुंचे तथा उसे इलाज के लिए जमशेदपुर भेज दिया।