पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पूर्व उप मुख्यमंत्री सुधीर महतो का शरीर पंचतत्व में विलीन

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जमशेदपुर.पूर्व उप मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) सुधीर महतो का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन हो गया। शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित पार्वती घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई असित महतो के पुत्र हिमांशु महतो ने अपराह्न 3.45 बजे मुखाग्नि दी। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

झारखंड पुलिस के 14 जवानों ने तीन चक्र गोलियां दाग उन्हें सलामी दी। देर रात परिजन विसर्जन के लिए अस्थि कलश लेकर वाराणसी रवाना हुए। अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झामुमो के अध्यक्ष शिबू सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता, नेता प्रतिपक्ष अर्जुन मुंडा, सहकारिता मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल, कांग्रेस सांसद सुबोधकांत सहाय और झाविमो सांसद डॉ. अजय कुमार समेत हजारों लोग शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

टीएमएच से निकली अंतिम यात्रा

इससे पहले आस्तिक महतो, रमेश हांसदा, सुधीर महतो के भगीना लालटू महतो, काबलू महतो, भोला चालक समेत सैकड़ों लोग सुबह साढ़े छह बजे टीएमएच पहुंचे। जमशेदपुर सीओ प्रभात भूषण की देखरेख में सुधीर महतो का पार्थिव शरीर विशेष वाहन में रखा गया। यहां टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन, डिप्टी वीपी (सीएस) सुनील भास्करन, जुस्को के जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा, टीएमएच के महाप्रबंधक डा. टीपी मधुसूदनन ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अंतिम यात्रा शुरू हुई। पार्थिव शरीर को चांडिल चौक ले जाया गया। यहां ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों ने उनका अंतिम दर्शन किया।

उलियान में दर्शन को उमड़े लोग

उनका पार्थिव शरीर उलियान स्थित आवास पर लाया गया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए उलियान मैदान में रखा गया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए जनसमूह उमड़ पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, विधायक गीता कोड़ा, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष राजा पीटर, पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद महतो, तृणमूल कांग्रेस के विधायक श्रीकांत महतो, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पीएन सिंह समेत सैकड़ों नेताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किया।