जमशेदपुर. टाटा कमिंस के कर्मचारियों को 19 फीसदी बोनस मिलेगा। शनिवार देर शाम कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच बोनस समझौता हुआ। पहले यह समझौता 15 सितंबर को होने वाला था। लेकिन, टाटा मोटर्स में कम बोनस होने से कर्मचारियों में असंतोष देखते हुए प्रबंधन ने समझौता टाल दिया था। कंपनी के प्लांट हेड प्रकाश शरण सतसंगी और यूनियन महामंत्री
सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कर्मचारियों को 19 फीसदी बोनस मिलेगा। अधिकतम और न्यूनतम बोनस की राशि की गणना नहीं होने की वजह से जारी नहीं किया गया है। पिछले साल कंपनी ने 13.3 फीसदी बोनस दिया था, जो टाटा मोटर्स के समकक्ष था। इस बार 19 फीसदी बोनस में प्रोडक्शन के 10 प्वाइंट और प्रोफिट बिफोर टैक्स के 9 प्वाइंट शामिल है। कर्मचारियों के एकाउंट में साेमवार को बाेनस की राशि चली जाएगी।
दो साल के फॉर्मूला पर सहमति
प्रबंधन और यूनियन के बीच अगले साल तक बोनस देने के लिए नए फॉर्मूले पर सहमति बन गई है। पहले प्रबंधन तीन साल के लिए लागू करना चाहता था, लेकिन यूनियन की सहमति नहीं होने की वजह से दो साल का फॉर्मूला बन पाया। नए फॉर्मूले में प्रोडक्शन और प्रोफिट के साथ क्वालिटी शामिल किया गया है। इसमें प्रोडक्शन के 10 प्वाइंट, प्रोफिट के 7 व क्वालिटी के 3 प्वाइंट होंगे। इस आधार पर साल 2015 व 2016 में समझौता होगा।
समझौता पर इन्होंने किया हस्ताक्षर
प्रबंधन से प्लांट हेड प्रकाश शरण सतसंगी, कुमार कौशलेन्द्र, हिमाद्री मुखर्जी, कृष्णा कुमार, मनीष झा और अजीतेश मोंगा, यूनियन के
सुशील कुमार श्रीवास्तव, रंजन पांडेय, सुमित कुमार, ईए सरजी, राकेश कुमार, शंभू शरण, प्रकाश महतो, सुमित पॉल, अमित कुमार, अनुप किशोर, जीतेंद्र कुमार, कामेश्वर पांडेय, प्रियरंजन कुमार, रंजन कुमार और सम्राट चक्रवर्ती।