पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजमशेदपुर. एनएच-33 पर चांडिल थाना अंतर्गत चिलगू में पतरातू से शहर आ रही चंद्रिका बस और टेंपो में सीधी टक्कर हो गई। इस घटना में टेंपो में सवार जवाहरनगर क्रॉस रोड नंबर 13 की सोफिया परवीन (15 वर्ष) की मौत हो गई। सोफिया जेकेएस कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। इस घटना में दो छात्रा समेत पांच लोग घायल हुए। घटना बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है। घायलों में जेकेएस कॉलेज के इंटर की छात्रा नगमा, यासमीन, इरशाद व मो.चांद उर्फ सूरज के अलावा टेंपो चालक रहमत अली उर्फ बाबू शामिल हैं।
जानकारी मिलने पर चांडिल के एसडीपीओ विमल कुमार, चांडिल थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह और एसआई एचएन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि सोफिया का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
चांडिल जा रहे थे सभी विद्यार्थी
घायल इरशाद ने बताया कि बुधवार को कॉलेज से छुट्टी होने के बाद पांचों विद्यार्थियों ने घूमने का प्लान बनाया। इसके बाद सभी टेंपो से चांडिल डैम की ओर निकल गए। रास्ते में बस से टेंपो की टक्कर हो गई।
परिजनों को नहीं दी थी सूचना
घटना की जानकारी मिलने पर मृत छात्रा और घायलों के परिजन एमजीएम अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचे सोफिया के पिता मो. इसराफिल ने बताया कि बुधवार को उनकी बेटी कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। सोफिया ने दोस्तों संग चांडिल जाने की जानकारी उन्हें नहीं दी थी। ड्यूटी के दौरान पड़ोसियों से उन्हें घटना की जानकारी मिली।
ये हुए घायल
नगमा, यासमीन, इरशाद, मो.चांद उर्फ सूरज (सभी जेकेएस कॉलेज के विद्यार्थी) व बाबू (टेंपो चालक)
आगे की स्लाइड में देखिए हादसे की तस्वीरें..
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.