पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिना तैयारी की हुई बैठक नहीं निकला कोई नतीजा

बिना तैयारी की हुई बैठक नहीं निकला कोई नतीजा, एमवीआई करेंगे जांच

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर। कोल्हान में चलने वाले छोटे वाहनों का किराया निर्धारित करने के लिए आयोजित बैठक में बिना किसी तरह की तैयारी के परिवहन विभाग के अधिकारी पहुंच गए। डीटीओ ऑफिस में हुई बैठक में अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक समाचार पत्रों में किराया के संबंध में प्रकाशित समाचार का कतरन लेकर माथा-पच्ची की और बिना किसी नतीजे पर पहुंचे बैठक समाप्त कर दी।

परिवहन आयुक्त फिदेलिस सोरेग ने राज्य के सभी क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव को ऑटो व छोटे व्यावसायिक वाहनों का किराया का निर्धारण करने का निर्देश दिया है। इसी आलोक में बैठक का आयोजन किया था।

एमवीआई करेंगे जांच
बैठक में तय हुआ कि मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) अवधेश कुमार सिंह जमशेदपुर में चलने वाले ऑटो व मिनी बस के किराया की जांच करेंगे। मिनी बस एसोसिएशन व ऑटो एसोसिएशन की ओर से परिवहन विभाग को एक सूची सौंपी गई है, जिसमें किराया का उल्लेख है। इसके बाद 16 फरवरी को बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसमें किराया दर को अंतिम रूप दिया जा सकता है। बैठक के बाद क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव अनिरुद्ध प्रसाद ने बताया कि किराया का निर्धारण कम से कम दूरी तथा दो स्थान को आधार मान कर किया जाएगा। परिवहन विभाग इस बात का आकलन कर रहा है कि पूर्व में जब डीजल की कीमत ज्यादा थी उस वक्त का किराया कितना था। एसोसिएशन की ओर से प्रस्तुत किराया दर में कितनी सत्यता है, इसकी जांच की जाएगी। प्रसाद ने कहा कि बुधवार को मिनी बस और ऑटो संचालकों के साथ होने वाली बैठक स्थगित कर दी गई है।
बैठक में ये थे शामिल
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार के सचिव अनिरुद्ध प्रसाद, पूर्वी सिंहभूम के डीटीओ संजय पीएम कुजूर, सरायकेला -खरसावां की डीटीओ नीलम लता, पश्चिम सिंहभूम के डीटीओ नवीन कुमार, मोटर यान निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, पर्वतन निरीक्षक अजीत कुजूर व अमिताभ राय।
भाजपा नेता को मिली धमकी
भाजपा नेता सह खड़ंगाझार राधिकानगर निवासी रविशंकर पांडेय ने टेल्को थाना में मोबाइल नंबर 9204199023 के धारक के खिलाफ धमकी दिए जाने की लिखित शिकायत की है। रविशंकर ने बताया कि उक्त मोबाइल धारक द्वारा 9 फरवरी को सुबह 7.33 बजे धमकी दी गई। बकौल रविशंकर, भू माफियाओं द्वारा कई जगहों पर कब्जा किया जा रहा है, जिसका उन्होंने विरोध किया है। इसी कारण वे लोग धमकी दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।