पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजमशेदपुर. शहर के सौंदर्यीकरण के लिए पहल शुरू हो गई है। इसके तहत सड़कों पर वाहनों का लोड कम किया जाएगा। इसके लिए इन दिनों ट्रैफिक की जानकारी के लिए सर्वे चल रहा है। हाईवे इंजीनियरिंग मैग्निट्यूड कंजरटोम (नई दिल्ली) को इसकी जिम्मेवारी सौंपी गई है। कंपनी के कर्मचारी शहर के चार प्रमुख स्थानों (मानगो पुल, कदमा टोल ब्रिज, खरकई पुल और बर्मामाइंस ट्यूब गेट) पर वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं और इसका डाटा तैयार कर रहे हैं।
आठ दिनों के सर्वे से पता चलेगा ट्रैफिक का दबाव
नई दिल्ली की यह कंपनी 21 जनवरी से शहर में सर्वे कर रही है। सर्वे कार्य 28 जनवरी तक चलेगा। सर्वे के दौरान कंपनी के कर्मचारी उपरोक्त स्थानों से गुजर रहे दोपहिया से लेकर बड़े मालवाहक वाहनों का रिकार्ड दर्ज करेंगे। सर्वे के पूरा होने के बाद यह आकलन लगाया जाएगा कि शहर में कितने वाहन चल रहे हैं और सड़क पर ट्रैफिक का कितना बोझ है। जितनी ट्रैफिक है, उसके लिए क्या संसाधन होने चाहिए। सर्वे रिपोर्ट से पता चलेगा कि शहर में किस श्रेणी के कितने वाहन हैं? दोपहिया और चार पहिया वाहनों की संख्या में कितनी बढ़ोतरी हुई है। औद्योगिक शहर होने के नाते यहां व्यावसायिक मालवाहक वाहन कितने चलते हैं।
50 से 60 युवक प्रतिदिन कर रहे काम
प्रतिदिन 50 से 60 युवक शहर के अलग-अलग हिस्सों में वाहनों का सर्वे कर रहे हैं। प्रथम चरण में आदित्यपुर पुल, मानगो पुल, टॉल ब्रिज, बिष्टुपुर और बर्मामाइंस में सर्वे का काम किया जा रहा है। दूसरे चरण में शहर में अन्य क्षेत्रों का सर्वे किया जाएगा।
क्या होगा फायदा
ट्रैफिक के सर्वे से पता चलेगा कि शहर में यातायात का दबाव कितना अधिक है। इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था यह अथवा नहीं। ट्रैफिक के अनुसार भविष्य की कार्य योजना बनाने में मदद मिलेगी। आवश्यकता के अनुसार ओवरब्रिज या पुल बनाया जाएगा। सड़क की चौड़ीकरण पर भी ध्यान दिया जाएगा।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का हाल जानने के लिए अलग-अलग प्वाइंट पर कर्मचारियों को तैनात किया गया है। टाटा स्टील की ओर से यह सर्वे कराया जा रहा है। इससे पता चलेगा कि यातायात के अनुसार शहर में सड़क है या नहीं? प्रवीण चौधरी, सुपरवाइजर, हाईवे इंजीनियरिंग मैग्निट्यूड कंजरटोम
सर्वे का काम 28 जनवरी तक चलेगा। इसके आधार पर तय हो पाएगा कि शहर की यातायात व्यवस्था कैसी है। इसकी रिपोर्ट दिल्ली को दी जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर भविष्य की कार्य योजना बनाने में मदद मिलेगी। गुड्डू पायल, सुपरवाइजर, सड़क सर्वेयर टीम
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.