जमशेदपुर. साकची बाजार में फुटपाथ पर दुकान लगाने को लेकर गुरुवार को फुटपाथी दुकानदार आपस में भिड़ गए। इससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है।
स्थायी दुकानदारों ने किया विरोध
फुटपाथी दुकानदारों के कारण होने वाली अफरातफरी को लेकर साकची बाजार के स्थायी दुकानदार आक्रोशित हो गए। उन्होंने बाजार के प्रवेश द्वार को बंद कर दिया और बाजार के अंदर फुटपाथ पर दुकान लगाने का विरोध करने लगे। इधर, फुटपाथी दुकानदार भी एकत्रित होकर नारेबाजी करते रहे। सूचना मिलने पर साकची थाना प्रभारी गोपाल सिंह दल-बल के साथ बाजार पहुंचे। उन्होंने फुटपाथी दुकानदारों को सामान हटाने का निर्देश दिया। दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया भी अपनी टीम से साकची पहुंचे और अवैध दुकान हटाने की मांग की। इस दौरान लगभग दो घंटे तक हंगामा चला।
जाम के लिए एक-दूसरे पर लगाया आरोप
फुटपाथ पर दुकान लगाने को लेकर अब फुटपाथी दुकानदार व स्थायी दुकानदार आमने-सामने आ गए हैं। स्थायी दुकानदारों के अनुसार, फुटपाथ पर दुकान लगने से रास्ता जाम हो जाता है और ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है। इससे स्थायी दुकान में ग्राहक नहीं पहुंच पाते हैं। इसलिए फुटपाथ से दुकान हटाया जाए। दूसरी ओर से फुटपाथी दुकानदारों का कहना है कि स्थायी दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे 10 से 20 फीट तक अवैध निर्माण करा दिया है, जिससे रास्ता छोटा हो गया है। इसलिए यह समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने अवैध निर्माण हटाने की मांग की।
फुटपाथ पर दुकान लगने से ये होती है समस्या
बाजार के सभी रास्ते रहते हैं जाम
वाहनों की पार्किंग में होती है परेशानी
ग्राहकों को आने-जाने में होती है परेशानी
महिलाएं तंग रास्ते जाने से करती हैं परहेज
बड़े दुकानों तक नहीं पहुंच पाते हैं ग्राहक
फुटपाथ पर दुकान लगाने से रास्ता पूरी तरह जाम हो जाता है। इससे स्थायी दुकान तक ग्राहक पहुंच नहीं पाते। इस कारण पूजा के समय भी स्थायी दुकानदारों की बोहनी तक नहीं होती है। भीड़ होने के कारण महिलाओं का यहां से गुजरना मुश्किल होता है। इसलिए प्रशासन स्थायी दुकानदारों के हित को देखते हुए फुटपाथ से दुकान हटाए। सुरेश सोंथालिया, अध्यक्ष, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री
दुकानदारों की समस्याओं का समाधान के लिए वरीय पदाधिकारी व ट्रैफिक डीएसपी से बातचीत की जाएगी। स्थायी व फुटपाथी दुकानदारों के साथ भी वार्ता की जाएगी। तत्काल फुटपाथ से दुकान हटा दिया गया है। गोपाल सिंह, साकची थाना प्रभारी