जमशेदपुर. कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) की 25वीं सिंडिकेट मीटिंग में अंगीभूत कॉलेजों में वोकेशनल पढ़ाने वाले शिक्षकों के वेतन में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है। यूनिवर्सिटी के सहायक प्रोफेसर का ग्रेड पे छह से बढ़ाकर सात हजार रुपए किया जाएगा। एमबीए, एमसीए वोकेशनल कोर्स के शिक्षकों को अब हर माह 20 हजार रुपए मिलेंगे। वहीं बीसीए, बीएससी आईटी समेत अन्य ग्रेजुएशन स्तर के वोकेशनल कोर्स के शिक्षकों को 16 हजार रुपए दिया जाएगा।
कंप्यूटर आपरेटर, थर्ड व फोर्थ ग्रेड कर्मचारियों का भी मानदेय निर्धारित किया गया है। वीसी डॉ आरपीपी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग में केयू के पहले छात्र संघ चुनाव, हाल ही हुए बीएड अनुबंधित शिक्षकों की नियुक्ति की जांच व यूनिवर्सिटी के दूसरे दीक्षांत समारोह के लिए कमेटी बनाई गई है। कमेटी वीसी को रिपोर्ट देगी।
किसे क्या मिलेगा
- एमबीए-एमसीए वोकेशनल कोर्स के लिए : 20000
- ग्रेजुएशन स्तर के वोकेशनल कोर्स के लिए : 16000
- कंप्यूटर आपरेटर : 10000
- थर्ड ग्रेड कर्मचारी : 5000
- फोर्थ ग्रेड कर्मचारी : 4000
मीटिंग के अहम फैसले
- बीएड में हर साल दो बीपीएल छात्रों का नि:शुल्क एडमिशन
- बीएड के सृजित पदों को मंजूरी
- एफिलिएशन व नए कोर्स शुरू करने के आवेदन को मंजूरी
- कंप्यूटर आपरेटर के लिए तैयार मेरिट लिस्ट को स्वकृित
- अनुबंधित बीएड शिक्षक नियुक्ति की समीक्षा के लिए कमेटी बनी
- गेस्ट लेक्चरर को प्रति कक्षा 250 रुपए व अधिकतम चार से पांच हजार रुपए दिए जाएंगे
- घाटशिला व महिला कॉलेज चाईबासा में निजी बैंक खुलेगा