पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Vulnerable Women Getting Frequent Victim Of Molestation

असुरक्षित महिलाएं, लगातार हो रही छेड़खानी का शिकार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जमशेदपुर. शहर में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन छेड़खानी की घटना हो रही हैं। मनचलों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि सड़क के अलावा स्कूल और घर में घुसकर भी वे लड़कियों और महिलाओं से छेड़खानी कर दे रहे हैं। सीतारामडेरा में छात्रा के साथ छेड़खानी की शिकायत करने पर छात्र के घरवालों ने प्रधानाध्यापक के साथ ही बदसलूकी की और हंगामा किया। सिदगोड़ा में मनचले ने एक युवक की पिटाई कर दी। इस संबंध में संबंधित थाना क्षेत्रों में लिखित शिकायत की गई है।
सीतारामडेरा : छात्रा से दुर्व्यवहार, प्रधानाध्यापक को धमकाया
भालूूबासा स्थित हरिजन उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राणा विनोद कुमार के अनुसार, शुक्रवार को नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने 10वीं कक्षा के छात्र अरशद अली द्वारा गाली गलौज व अमर्यादित व्यवहार की शिकायत की। उन्होंने छात्र को बुलाकर इस बारे में पूछा, तो उसने गाली देने की बात स्वीकार की। साथ ही आगे भी ऐसा करने की बात कही। इस पर प्रधानाध्यापक ने छात्र को अपने माता-पिता के साथ शनिवार को स्कूल आने को कहा। लेकिन, छात्र अपने बड़े भाई को लेकर स्कूल पहुंचा। दोनों उनसे उलझा गए। इस दौरान छात्र ने टीसी की मांग की। लेकिन, प्रधानाध्यापक ने बिना माता- पिता के अनुमति के टीसी नहीं देने की बात कही। इस पर दोनों भाई उन्हें धमकाने लगे। इस पर प्रधानाध्यापक ने सीतारामडेरा थाना को सूचना दी। पुलिस अरशद को पकड़ कर थाना ले गई। थाना में करीब दो घंटे तक दोनों पक्षों के बीच वार्ता चली। समझौता होने पर पुलिस ने अरशद को छोड़ दिया।
बारीडीह : विरोध करने पर युवती के भाई को पीटा
सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बारीडीह टीओपी के पास सड़क पर युवती के साथ छेडख़ानी का विरोध करने पर बागुननगर निवासी के. मोहन राव उर्फ सोनू ने युवती के भाई की पिटाई कर दी। इस संबंध में युवती ने सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। घटना शुक्रवार रात की है। युवती के अनुसार, वह भाई के साथ घर जा रही थी। इसी दौरान सोनू उनके साथ छेडख़ानी करने लगा। भाई ने विरोध किया, तो सोनू ने उसे पीट दिया। युवती ने बताया कि आरोपी अक्सर उसे परेशान करता है।
गोविंदपुर : घर में घुसकर अश्लील हरकत
छोटा गोविंदपुर में आठ वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ पड़ोस के एक युवक ने अश्लील हरकत की। घर में छात्रा को अकेला पाकर युवक ने गलत हरकत करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर छात्रा के परिजन पहुंचे, लेकिन आरोपी फरार हो गया। छात्रा के पिता ने गोविंदपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।