रांची/जमशेदपुर. जमशेदपुर को औद्योगिक शहर बनाने पर सोमवार को बात आगे नहीं बढ़ सकी। राज्य के मुख्य सचिव सुधीर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को ध्यान में रख कर औद्योगिक शहर बनाने पर सरकार को फैसला लेने का सुझाव दिया। इस पर मुख्य सचिव ने नगर विकास विभाग को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया और कहा कि अगली बैठक में जमशेदपुर को औद्योगिक शहर बनाने के मुद्दे पर विचार किया जाएगा।
सीएस ने कहा कि जमशेदपुर के भविष्य का सवाल है। इसलिए इसे औद्योगिक शहर घोषित करने से पूर्व राज्य सरकार हर महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करेगी। मालूम हो कि राउरकेला की तर्ज पर टाटा कंपनी भी जमशेदपुर को औद्योगिक शहर बनाना चाहती है। राज्य सरकार द्वारा जमशेदपुर को औद्योगिक शहर के रूप में अधिसूचित करने से पूर्व तकनीकी और विधायी निर्णय लिया जाना है।
जनप्रतिनिधियाें ने उठाए सवाल
विधायक रघुवर दास : टाटा लीज नवीकरण के वक्त सरकार ने तीन शर्तें रखी थी। 1 : 86 बस्तियों का सब लीज करना। 2 : सुप्रीम कोर्ट में टाटा कंपनी द्वारा दायर मुकदमे को वापस लेना। 3: बस्तियों को बिजली और पानी की सुविधा देना। लेकिन अब तक सब लीज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई।
सांसद प्रदीप कुमार बलमुचू : सरकार को औद्योगिक नगर घोषित करने के लिए गवर्नमेंट की बॉडी बनानी चाहिए। टाटा कंपनी का डस्ट और धुआं जब पब्लिक फांकती है, तो उसे कंपनी की बिजली और पानी पीने का अधिकार है।
विधायक रामचंद्र सहिस : जुगसलाई को भी औद्योगिक नगर के दायरे में लाया जाना चाहिए। नागरिकों को भी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
विधायक मेनका सरदार : पोटका विधानसभा क्षेत्र में भी टाटा कंपनी से सुविधाएं मिलनी चाहिए।
जवाहर शर्मा : औद्योगिक शहर में सबको शामिल किया जाए। सबको सुविधा मिले, तीसरा मताधिकार मिले।
विधायक बन्ना गुप्ता: मानगो-जुगसलाई के इलाके में सुविधा उपलब्ध हो। ग्रेटर जमशेदपुर की तर्ज पर औद्योगिक नगर बनाया जाए।
टाटा स्टील का पक्ष
कंपनी तीनों शर्तें पूरी करने के लिए तैयार है। लेकिन सब लीज करने का तरीका और नियम क्या होगा, यह सरकार को तय करना है। इस पर फैसला लिया जाए। रघुवर दास ने भी कहा कि सरकार अपना स्टैंड क्लियर करे। इसमें देर नहीं होनी चािहए।
बैठक में उपस्थित थे
नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, भू-राजस्व सचिव जेबी तुबिद, डीसी डाॅ अमिताभ कौशल, स्पेशल अॉफिसर मानगो जगदीश यादव, स्पेशल ऑफिसर जमशेदपुर दीपक कुमार, टाटा स्टील के वीपी सुनील भास्करन, जुस्को एमडी आशीष माथुर, मीणा लाल, कैप्टन धनंजय मिश्रा, सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया, जमशेदपुर चैंबर अध्यक्ष मोहनलाल अग्रवाल आदि।