(हिरासत में आशुतोष बनर्जी।)
जमशेदपुर/आदित्यपुर. मानगो टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली अंजलि गुप्ता (30 वर्ष) ने शादीशुदा प्रेमी आशुतोष बनर्जी के प्यार में जान दे दी। अंजलि ने खरकई नदी के पुराने पुल से गुरुवार दोपहर तकरीबन ढाई बजे छलांग लगा दी। खबर लिखे जाने तक उसका शव नहीं मिल सका है। इस मामले में पुलिस ने टीचर्स कॉलोनी निवासी आशुतोष बनर्जी को हिरासत में लिया है। आशुतोष डाकघर में एलआईसी एजेंट हैं।
बेटे के स्कूल में हुई थी पहली मुलाकात : आशुतोष
आशुतोष ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे के प्ले स्कूल में अंजलि से पहली मुलाकात हुई थी। मालूम हुआ कि वह भी टीचर्स कॉलोनी में ही रहती है। इसके बाद पहचान बढ़ी और दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना होने लगा। इसी बीच अंजलि ने आशुतोष से प्यार का इजहार किया। बकौल आशुतोष, उन्होंने अंजलि को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। धीरे-धीरे वे भी अंजलि को चाहने लगे। इस बात की भनक अंजलि के घरवालों को लगी, तो उन्होंने अंजलि के आने-जाने पर रोक लगा दी। इसके बाद दोनों बाहर मिलने लगे। इस बात का पता चलने पर अंजलि के पिता ने उसे दिल्ली भेजने का फैसला किया। अंजलि ने इसका विरोध भी किया।
मैसेज कर बिष्टुपुर बुलाया
आशुतोष ने बताया कि अंजलि ने उन्हें मैसेज कर बिष्टुपुर बुलाया था। दोपहर करीब दो बजे वे बिष्टुपुर पहुंचे, जहां अंजलि ने उसे दिल्ली भेजे जाने की जानकारी दी। इसके बाद वह बच्चे के लिए सामान खरीदने की बात कहकर तुरंत जाने लगी। कुछ दूर जाकर अंजलि बाय-बाय कहा और तेज रफ्तार से स्कूटी लेकर आदित्यपुर की ओर चल पड़ी। शक होने पर आशुतोष ने कार से उसका पीछा किया। खरकई पुल के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अंजलि हाथ में चप्पल पकड़े पुराने पुल पर दौड़ रही है। उन्होंने अंजलि को आवाज भी लगाई, लेकिन वह नदी में कूद गई। इसके बाद आशुतोष ने अंजलि के पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
सुसाइड नोट बरामद
घटना के बाद पुलिस ने अंजलि की खोज करने के लिए देर शाम तक गोताखोर की मदद ली, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। आदित्यपुर में दुर्गा पूजा मेला की तैयारी का जायजा लेने आए सरायकेला एसपी मदनमोहन लाल भी खरकई पुल पहुंचे। अंजलि की तलाश में आदित्यपुर पुलिस के अलावा जिले की आपदा प्रबंधन टीम सक्रिय रही। नदी में पानी का बहाव तेज था। इस वजह से कयास लगाया जा रहा है कि अंजलि का शव तेज धारा में बहकर अन्यत्र चला गया हो। शाम करीब सात बजे तक खरकई पुल पर भीड़ लगी रही। इधर, पुलिस ने घटनास्थल से अंजलि की स्कूटी (जेएच05एटी-8195) के साथ चप्पल और बैंक के स्लिप के पीछे लिखा सुसाइड नोट बरामद किया है। नोट में प्रेम संबंधों का जिक्र करते हुए अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात कही गई है। साथ ही, अंजलि के घर का लैंडलाइन एवं
मोबाइल नंबर के अलावा उसके पिता का नाम व घर का पता लिखा था।
बिष्टुपुर पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
यह अफेयर का मामला है। सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया। प्रेमी को हिरासत में लिया गया है, लेकिन मामला बिष्टुपुर थाना का है। इसकी जानकारी वहां के प्रभारी को दी जा रही है। आगे की कार्रवाई बिष्टुपुर पुलिस ही करेगी। अजय केरकेट्टा, प्रशिक्षु डीएसपी, सरायकेला