जमशेदपुर. जन अधिकार मोर्चा के संयोजक बलदेव सिंह ने कहा है कि
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला है। उन्होंने कहा कि राजनीति विश्लेषकों के अनुसार, यह अहंकार की पराजय है। यह बातें बलदेव सिंह ने बुधवार को विज्ञप्ति जारी कर कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार काबिज होने के बाद लगातार कई प्रांतों में उनकी जीत हुई थी।
ऐसे में भाजपा के लिए अहंकार शब्द सही हो सकता है, लेकिन कांग्रेस के लिए आज अस्तित्व बचाने की बड़ी चुनौती है। ऐसे में कांग्रेस के लिए अहंकार शब्द सटीक नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि यह बदलते हुए जनादेश का आने वाले दिनों की आहट है, जो किसी एक या दो दलों के अहंकार को तोड़ने से भी ज्यादा अहमियत रखती है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मात्र तीन सीट मिली, कांग्रेस शून्य पर चली गई। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि आप की जीत ने दिल्ली में सभी जाति, धर्म व वर्ग की सीमाओं की बाधा को तोड़ दिया है। तभी आप को 67 सीटें मिलीं और अरविंद
केजरीवाल सीएम बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र में आप के बढ़ते कदम हैं, जो दिल्ली की जनता ने नई सोच के साथ सुशासन के लिए केजरीवाल के पक्ष में मतदान किया।
उन्होंने कहा कि शायद आज दिल्ली के बाहर दूसरे प्रदेशों में भी आप का संगठन होता, तो देश की जनता वर्तमान में भाजपा व कांग्रेस के स्थान पर तीसरा विकल्प बन सकता था।
उन्होंने कहा कि जिस तलाश में दिल्ली की जनता निकली है, आज सभी देशवासी उस राह पर चलें। उन्होंने कहा कि अगर वर्तमान राजनीतिक दल समय रहते जनता का मूड भांपते हुए बदल नहीं सके, तो जनता इन्हें आने वाले दिनों में कूड़ेदान में फेंक देगी।