- Hindi News
- सड़क हादसे में घायल युवक के काटे गए हाथ पैर
सड़क हादसे में घायल युवक के काटे गए हाथ-पैर
टाटाकांड्रा मुख्य मार्ग पर बीको मोड़ के पास पांच दिसंबर को डंपर के कुचलने से घायल तीन युवकों में से एक रविशंकर जामुदा का बायां हाथ पैर चिकित्सकों को काटने पड़े हैं वहीं दूसरे युवक रांची निवासी विभव के घुटने का प्रत्यारोपण करने की सलाह चिकित्सकों ने दी है। जबकि तीसरे युवक रायडीह निवासी मिलन केराई को दो दिन बाद ही अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मालूम हो कि इस दुर्घटना में एक युवक आदित्यपुर बस्ती निवासी प्रकाश गोडसेरा की मौके पर ही मौत हो गई थी। घायल युवकों के परिजन छह दिनों से थाना का चक्कर लगा रहे हैं ताकि डंपर मालिक को पकड़ कर पुलिस उससे कुछ आर्थिक मदद करवा दे, जिससे घायलों का इलाज ठीक ढंग से हो सके। घायल सभी युवक बीपीएल परिवार से हैं जिनकी आर्थिक स्थिति इतनी नहीं है कि वे महंगे इलाज कराकर अपने बच्चों की जान बचा सकें। पुलिस डंपर को जब्त कर मालिक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है।