शिवपुर के युवक की हैदराबाद में मौत
बलियापुर | शिवपुरग्राम निवासी गणेश मल्लिक के पुत्र सुरेश मल्लिक (30 वर्ष) का शव लेकर उसके परिजन हैदराबाद से गुरुवार को उसके गांव पहुंचे। शव को देखते ही घरवाले चीत्कार कर उठे। माता पिता अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। बताते है कि रोजी रोटी तलाश में सुरेश हैदराबाद गया था। जहां काम के दाैरान 15 सितंबर को पांच मंजिला इमारत से गिरने से उसकी मौत हो गई थी। गुरुवार को शव गांव पहुंचा।
पिता ने बताया कि परिवार की आर्थिक तंगी को देखकर पुत्र अन्य साथियों के साथ मजदूरी करने हैदराबाद गया था। हैदराबाद में अपर्णा साइबर लाइफ कंपनी में भवन निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। कार्य के दौरान पांच मंजिला सीढ़ी से नीचे गिर गया। शव पहुंचते ही ग्रामीण मुखिया दिनेश सरखेल, पंच सदस्य मदन प्रमाणिक घर पहुंचे। पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। मुखिया दिनेश सरखेल ने कहा कि किसान मजदूरों का दूर्भाग्य है कि झारखंड राज्य में खनिज संपदा से भरा रहने के बाद भी यहां के किसानों मजदूर को रोजी रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन करना पड़ा रहा है। यहां के जन प्रतिनिधि लोगों की रोजी रोटी की बात छोड़ गठबंधन और महागठबंधन की बात कर रहे हैं।