सही मायनों में माले ही है गरीबों की पार्टी : राजेश
भाकपामाले ने जनता के सवालों पर संघर्ष को और तेज करने के मकसद से संगठन मजबूती की कवायद शुरू कर दी है। संगठन मजबूती के लिए आगामी मार्च के पहले सप्ताह के भीतर प्रखंडों में सम्मेलन करने की तैयारी है। इसे लेकर एक अभियान की शुरूआत करते हुए पार्टी नेता राजेश यादव ने बेंगाबाद प्रखण्ड के महाबांक में ग्रामीणों की एक बैठक की। मौके पर उन्होंने कहा कि आगामी 28 फरवरी को बेंगाबाद में प्रखण्ड स्तरीय सम्मेलन किया जाएगा। जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लेकर वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए नई कमेटी का चुनाव करेंगे।
श्री यादव ने इस अवसर पर भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर हमला करते हुए कहा कि माले ही सही मायने में गरीब-गुरबों आम अवाम की पार्टी है। व्यवस्था बदलाव की लड़ाई पार्टी लड़ रही है। जिसके बिना जनता के जीवन में बुनियादी विकास और बदलाव संभव नहीं है। लोग भी इस बात को समझने लगे हैं। कहा कि आजादी के बाद से आज तक शोषक वर्गों की हिमायती पार्टियों ने ही राज किया और जनता का हाल बेहाल करके रख दिया है। इसमें बुनियादी बदलाव अवश्यंभावी है। उन्होंने कहा कि प्रखण्ड सम्मेलन के लिए सभी पंचायतों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा और चयनित सक्रिय कार्यकर्ताओं को लेकर नई कमेटियां बनायी जाएगी। वर्तमान भाजपा सरकार पर उन्होंने आम लोगों के साथ छलावा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बहुत जल्द ही इस सरकार से आम लोगों का मोहभंग हो चुका है। मौके पर पार्टी के गोलगो पंचायत के प्रभारी मोहर सिंह, पप्पू पंडित, तालेश्वर हाजरा, राजदेव तुरी, छतरू पंडित, राजू राय, शोभा साव, महेश वर्मा, रामलाल मुर्मू आदि मौजूद थे।
बैठक के बाद ग्रामीणों के साथ माले नेता।