सरस्वती पूजा में देर रात तक के कार्यक्रम के लिए आदेश लें
विद्याकी अद्यिष्ठात्री मां सरस्वती की उपासना को शांतिपूर्वक मनाने को लेकर गुरूवार को विधि-व्यवस्था की बैठक सदर एसडीम नमिता कुमारी ने की। प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों के साथ हुई इस बैठक में बेंगाबाद बीडीओ रंजीता टोप्पो के अलावा डीएसपी विजय आशीष कुजूर और एसडीपीओ राजकुमार मेहता मौजूद थे। बैठक में एसडीएम नमिता ने कहा कि शालीनता और सादगी ही मां सरस्वती की उपासना का प्रतीक है। एेसे में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पूजा बिल्कुल शांतिपूर्वक संपन्न हो। इस पर ध्यान देने की जरूरत है। इस दौरान मौजूद नगर और मुफ्फसिल थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिया गया कि सरस्वती प्रतिमा स्थापित करने से लेकर विसर्जन तक पूजा समिति की हर गतिविधियों पर ध्यान देना जरूरी है। एसडीएम ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान भड़काऊ भाषण पर पूरी तरह से रोक रहेगा। जिसे दूसरे लोगों की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचे। एसडीएम की ओर से यह भी अधिकारियों को कहा गया कि हर पूजा समिति पंडालों में डीजे का इस्तेमाल करेंगे। लेकिन डीजे की आवाज बेहद कम होनी चाहिए। प्रशासनिक आदेशों का उल्ल्घंन करने वाले पूजा समितियों के खिलाफ एसडीएम ने सख्त कार्रवाई करने की बात भी बैठक में कही।
पूजा के दौरान देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर एसडीएम से लिखित आदेश लेना पूजा समितियों के लिए अनिवार्य बताया गया। एसडीएम ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दिन शहर में होने वाले प्रतिमा विसर्जन का रूट पूजा समितियों को पहले देना होगा। जिसे पुलिस बल को उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में पूजा के पहले दिन से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने की बात कही गई। बैठक में नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार, अजय साहु आदि मौजूद थे।