बरकाकाना स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से पैर कटा
बरकाकाना | बरकाकानास्टेशन पर बुधवार को ट्रेन की चपेट में आने से क्षेत्र के तेलियातु निवासी 75 वर्षीय बुजुर्ग गुरमल महतो के दोनों पैर कट गए। वे बरकाकाना स्टेशन पर टाटा जम्मूतवी एक्सप्रेस पकड़ रामगढ़ जाने के लिए पंहुचे थे। सुबह लगभग 11.30 बजे जैसे ही ट्रेन खुली वे चलती ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास करने लगे। इसी क्रम में उनका पैर सीढ़ी से फिसल गया और वे ट्रेन के नीचे रगड़ाते चले गए। स्टेशन परिसर पर उपस्थित लोगों ने किसी तरह उसे बचाने का प्रयास किया। शोरगुल सुन स्टेशन पर सवार एक युवक ने चैन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। तबतक उनका दोनो पैर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना के बाद वहां पहुंच डाॅ. एस सोरेन ने महतो का प्राथमिक उपचार कर रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया है। इस संबध में घायल व्यक्ति ने बताया कि वे अपने पेंशन के पैसे निकालने के लिए रामगढ़ जा रहे थे।