बिजली ने निकाला लोगों का पानी
बेरमोअनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट, घरवाटांड, चांपी तथा इसके आसपास के क्षेत्रों मे पिछले तीन माह से बिजली अनियमित एवं मनमानी तरीके आपूर्ति की जा रही है। इसके विरोध में विद्युत विभाग के खिलाफ 18 सितंबर को सुबह 5.30 बजे से नीलांबर-पीतांबर चौक के पास सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से बच्चों की पढाई प्रभावित होने के साथ-साथ व्यवसाय पर भी काफी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से जीविका चलाने में भी कठिनाई हो रही है। दिन तो दिन रात में भी बिजली पूरी तरह से बाधित रहती है, जिससे आम नागरिकों में काफी रोष है। कई बार बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता को इसकी सूचना दी गई, लेकिन बिजली विभाग द्वारा कोई कारगर उपाय नहीं निकाला गया है। इसलिए विवश होकर लोगों ने आंदोलन करने का फैसला किया है।
जैनामोड़ सब स्टेशन से भी अनियमित बिजली
तुपकाडीह।जैनामोड़ सब स्टेशन से जुड़े चार दर्जन से ज्यादा स्थानों पर अनियमित बिजली आपूर्ति की जा रही है। यहां बिजली आती कम और जाती ज्यादा है। इससे स्थानीय उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली की कमी से चोरों का आतंक भी बढ़ गया है। जैनामोड़ से जुडे़ तुपकाडीह, तांतरी, पिछरी, मुंगो सहित कई स्थानों के नागरिक परेशान होकर विभाग को कोसने लगे हैं।
गोमियाकी जनता भी है परेशान
गोमिया।बिजली की आंख-मिचौली से गोमिया आसपास क्षेत्र की जनता भी काफी परेशान हो रही है। लोगों का कहना है कि इधर कुछ दिनों से बिजली की ज्यादा कटौती हो रही है। इससे निजात दिलाने में विभाग के लोग कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने राज्य के ऊर्जा मंत्री सह बेरमो विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह से इस दिशा में पहल कर बिजली व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। मालूम हो कि इन दिनों कई स्कूलों में बच्चों की परीक्षाएं हो रही हैं। ऐसे में उन्हें पढ़ाई करने में काफी परेशानी हो रही है।