युवकों ने जर्जर रोड को किया सही
भुरकुंडा | बिरसाचौक लक्ष्मी टॉकीज के समीप सोमवार को युवकों ने मतकमा चौक तक जर्जर सड़क की मरम्मति की। रोड के दोनों किनारों पर मोरम गिराकर गड्ढों को भरने का काम किया। युवकों ने बताया कि बिरसा चौक से मतकमा फोरलेन तक बनी पीसीसी सड़क बुरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सड़क जगह-जगह टूट गई है और उसमें गड्ढे हो गए हैं। इसके अलावा सड़क के दोनों किनारों पर गड्ढा होने के कारण वाहनों के आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए स्थानीय युवकों ने सड़क की मरम्मति कराने का निर्णय लिया। ग्रामीण एवं वाहन चालकों के सहयोग से मरम्मति का कार्य किया जा रहा है। जर्जर सड़क की मरम्मति करने वालों में शिवनारायण यादव, बसंत राम, कार्तिक महतो, योगेंद्र बेदिया, विशुन करमाली, दीपक करमाली, विकास बेदिया, महेंद्र बेदिया, अविनाश बेदिया, बालेनाथ, टिकेश्वर महतो समेत अन्य लोग शामिल थे।