26 से चलेगा स्वच्छ पंचायत अभियान
जिलाके 216 पंचायतों में स्वच्छ पंचायत सप्ताह मनाने के लिए मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पंचायती राज सचिव के विद्यासागर ने जिला के पदाधिकारियों को विशेष निर्देश दिया। यह कार्यक्रम 26 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलाने का निर्देश दिया है। 24 सितंबर को जिला के सभी प्रखंडों में बीडीओ कार्यालय में 25 सितंबर को जिला के सभी 216 पंचायतों में कार्यक्रम की रूपरेखा को तय करने के लिए बैठक करने का निर्देश दिया गया। निर्मल भारत अभियान के अंतर्गत इस कार्यक्रम के संचालन के लिए प्रतिदिन अलग -अलग एजेंडा तय किया जाएगा। पंचायत स्तर पर स्वच्छता साफ -सफाई के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की भागीदारी करने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम में जरूरी राशि का खर्च ग्रामीण स्वच्छता समिति के अकाउंट से खर्च करने के लिए कहा गया है। इस अभियान में सहियाओं, एएनएम , शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि , पेयजल स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी के सहयोग से एक सप्ताह में लोगों को जागरूक करने के लिए कहा गया। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिग में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यापालक अभियंता, सदर अस्पताल के एसीएमओ, एनजीओ के प्रतिनिधि आदि मौजूद थे।
स्वच्छता अभियान चलाने की तैयारी के लिए विडियो कान्फ्रेंस में शामिल पदाधिकारी।