आयुक्त को हटाने की मांग, फूंका पुतला
कोल्हानप्रमंडल के आयुक्त आलोक गोयल द्वारा अपने पद का दुरूपयोग करते हुए वित्तीय अनियमितता करने एवं झूठे आरोप लगवाकर लोगों को प्रताड़ित किए जाने के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी नगर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में पोस्ट ऑफिस चौक पर पुतला दहन किया गया। कार्यकर्त्ताओं ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नगर अध्यक्ष मनीष चौबे ने कहा कि आयुक्त द्वारा अपने ही अधिनस्त विभाग में वित्तीय अनियमितता की गई थी। जिसको लेकर उनके खिलाफ लोकायुक्त में मामला दर्ज करवाया गया है। इसे दबाने के लिए याचिकाकर्त्ता को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। कांग्रेस ने उनके खिलाफ जांच की मांग की है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद दुर्गा प्रसाद जामुदा, मनीष चौबे, अशोक सुंडी, राजू चौबे, निराकर बिरूवा, संतोष सिंहा, वीरसिंह दास, सुशील दास, विकास शर्मा, मोहित सुल्तानिया, त्रिशानु राय, मनीष पसारी, राजेश अग्रवाल आदि मौजूद थे।